कंडवाल में चिट्टे के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
नागनी माता मंदिर बस स्टॉप के पास सीआईए विंग नूरपुर पुलिस टीम ने बरामद किया 32.57 ग्राम नशा
टीम- नूरपुर, इंदौरा
पुलिस जिला नूरपुर ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कंडवाल स्थित नागनी माता मंदिर बस स्टॉप के पास से 32.57 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। एएसपी नूरपुर ने बताया कि 14 अक्तूबर को सीआईए विंग नूरपुर की टीम क्षेत्र में गश्त एवं नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि नागनी माता मंदिर बस स्टॉप कंडवाल के पास दो व्यक्ति चिट्टा बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों को शामिल कर रात करीब 8:34 बजे मौके पर दबिश दी और दोनों संदिग्धों को काबू कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों की पहचान राकेश ठाकुर निवासी गांव खनोड़, डाकघर सियोह, तहसील धर्मपुर जिला मंडी जो वर्तमान में गांव दाडऩू डाकघर श्यामनगर तहसील धर्मशाला जिला कांगड़ा में रह रहा है तथा विकास निवासी गांव बड़ोल डाकघर एवं तहसील धर्मशालाए जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। तलाशी में राकेश के नीले रंग के पि_ू बैग में रखी डार्क ग्रे रंग की जींस की जेब से एक पारदर्शी पॉलीथीन लिफाफा बरामद हुआ। पुलिस ने ड्रग डिटेक्शन किट से जांच की तो चिट्टाध्हेरोइन होने के सकारात्मक संकेत मिले। डिजिटल तराजू से तौलने पर पॉलीथीन सहित पदार्थ का कुल वजन 32.57 ग्राम पाया गया। पुलिस ने नियमानुसार मादक पदार्थ को सील कर कब्जे में लिया। मौके पर कार्रवाई की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी की गई।
नशा कहां से आया, जांच में जुटी नूरपुर पुलिस
एएसपी ने बताया कि इस मामले में पुलिस थाना नूरपुर में आरोपियों के खिलाफ धारा 21 और 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों को मादक पदार्थ कहां से मिला था और इस अवैध कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस जिला नूरपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आम जनता से अपील की कि नशे की खरीद-फरोख्त या अन्य संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि नशे के नेटवर्क के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
