शिमला में पुतले पर घमासान पुलिस-भाजपा वर्करों में झड़प
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े का विरोध करते भाजपाइयों ने लगाए जमकर नारे
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े का पुतला जलाने की कोशिश के दौरान सोमवार को शिमला में पुलिस और भाजपा कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। पुतला जलाने से रोकने के लिए पुलिस ने हस्तक्षेप किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता के प्रति खडग़ेे की कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में भाजपा ने यह प्रदर्शन किया। भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में कांग्रेस से सार्वजनिक माफी मांगने की मांग उठाई गई। डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि राजनीतिक विरोध की भी मर्यादा होती है और किसी के दिवंगत माता-पिता के प्रति अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि भाजपा कांग्रेस अध्यक्ष के पद का सम्मान करती है, लेकिन राजनीतिक मतभेदों के नाम पर व्यक्तिगत अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से भाषा पर संयम रखने और टिप्पणी के लिए माफी मांगने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि कांग्रेस ने अपना रवैया नहीं बदला तो भाजपा देशभर में विरोध-प्रदर्शन करेगी। प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर कांग्रेस के विरोध पर भी निशाना साधा।
डॉ. सिकंदर कुमार ने आरोप लगाया कि कांग्रेस संविधान और वोट चोरी जैसे मुद्दों के जरिए जनता में भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूचियों का पुनरीक्षण एक स्थापित प्रक्रिया है, जिसका उद्देश्य पात्र मतदाताओं के नाम सुनिश्चित करना तथा मृत, स्थानांतरित और दोहरी प्रविष्टियों की नियमानुसार जांच करना है। इस प्रक्रिया में किसी भी पात्र मतदाता का अधिकार प्रभावित नहीं होना चाहिए। डा. सिकंदर कुमार ने एक नवंबर को दिल्ली में प्रस्तावित कांग्रेस की रैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि पार्टी के पास मतदाता सूची में गड़बडय़िों के प्रमाण हैं, तो उन्हें चुनाव आयोग या सक्षम न्यायिक मंचों के समक्ष प्रस्तुत करना चाहिए। उन्होंने आपातकाल और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी से जुड़े चुनावी विवादों का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को राजनीतिक हितों के लिए निशाना बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव आयोग की संवैधानिक भूमिका और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया का सम्मान करती है। प्रदर्शन में भाजपा जिला अध्यक्ष केशव चौहान, संजय सूद, रवि मेहता, तिलक राज, कुसुम सदरेट, कमलजीत सूद, कर्ण नंदा, रमा ठाकुर, सुदीप महाजन, गणेश दत्त, बिलाल शाह, राजिंदर जिन्हा, गुरमीत सिंह और अनीता सूद सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
