चिट्टे के खिलाफ दौड़े युवा, मैराथन में खिलाडिय़ों ने दिखाया उत्साह
चिट्टा मुक्त अभियान के तहत सात किलोमीटर की दौड़ में अभय और कृषिका ने मारी बाजी, विजेताओं को दिया सम्मान
निजी संवाददाता- जयसिंहपुर
हिमाचल प्रदेश सरकार और पुलिस विभाग द्वारा चलाए जा रहे एंटी-चिट्टा अभियान के अंतर्गत युवाओं को शारीरिक स्वास्थ्य, फिटनेस और सकारात्मक दिशा से जोडऩे के उद्देश्य से जिला कांगड़ा पुलिस के लंबागांव थाना द्वारा सात किलोमीटर लंबी मैराथन दौड़ का सफल आयोजन किया गया। इस खेल आयोजन में क्षेत्र के लगभग 70 युवक-युवतियों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा व फिटनेस का शानदार प्रदर्शन किया। इस विशेष अवसर पर मुख्य रूप से डीएसपी बैजनाथ संदीप शर्मा, लंबागांव पुलिस थाना प्रभारी रमेश कुमार और अन्य पुलिस कर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीएसपी बैजनाथ संदीप शर्मा ने कहा कि प्रदेश पुलिस द्वारा पूरे प्रदेश में समय-समय पर इस प्रकार के खेल व फिटनेस कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि युवा शक्ति को सकारात्मक ऊर्जा से जोड़ा जा सके।
कड़े मुकाबले के बीच बालक वर्ग की स्पर्धा में तहसील जयसिंहपुर के गांव कुहाला डाकघर कोटलू निवासी 16 वर्षीय अभय पुत्र भूमि सिंह ने शानदार दौड़ लगाते हुए पहला स्थान हासिल किया, जबकि तहसील लडभड़ोल के गांव कोठी निवासी 20 वर्षीय जतिन पुत्र भीम सिंह दूसरे स्थान पर रहे, वहीं बालिका वर्ग में जिला मंडी की तहसील लडभड़ोल के गांव सिमस की 19 वर्षीय कृषिका पुत्री शिव कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इसके अलावा पालमपुर तहसील के गांव मैला की साक्षी पुत्री अजय कुमार ने दूसरा तथा जयसिंहपुर के कछाल जग्गियां की स्मृति पुत्री सुरजीत कुमार ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। दौड़ संपन्न होने के पश्चात आयोजित सम्मान समारोह में डीएसपी बैजनाथ संदीप शर्मा और थाना प्रभारी रमेश कुमार द्वारा सभी विजेता प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न व विशेष पुरस्कार भेंट कर सम्मानित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने विजेता युवाओं की इस शानदार उपलब्धि की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
