वेडिंग सीजन के बीच बड़ी राहत, खरीददारों के लिए सुनहरा मौका, आगे और कितना सस्ता होगा सोना, जानिए
इन दिनों भारत में शादियों का सीजन चला है, या यूँ कहे कि भारत में खुशियों, उमंग और रौनक का दौर चला है। और जहाँ बात शादियों की होती है वहां तो गहनों का जिक्र तो जरूर होता है। क्योंकि यहाँ शादियों में गहना सिर्फ एक साज-सज्जा की चीज़ नहीं है, बल्कि इससे लोगों की गहरी भावनाएं जुड़ी होती है यह एक रस्म है, एक आशीर्वाद है जिसके बिना हर पल अधूरा सा लगता है। लेकिन पिछले कुछ समय से आसमान छूते सोने और चांदी के दामों ने उन परिवारों की चिंता बढ़ा रखी थी जिनके घरों में शहनाइयां बज रही हैं। ऐसे में, शादियों के इस सीजन के बीच एक बेहद राहत भरी खबर सामने आई है! पिछले कुछ दिनों से सोने के दामों में लगातार बड़ी गिरावट देखने को मिल रही है, जिससे अब लोगों को शादियों की शॉपिंग में ज्यादा खर्चा नहीं करना पड़ेगा। सोने के भाव धड़ाम होने से उन परिवारों को बहुत बड़ी राहत मिली है जिनके घरों में शादियां हैं, और वे अब कम बजट में ही अपनी खुशियों को पूरा कर सकते हैं! जो सोना इस साल की शुरुआत में आसमान छू रहा था, अब उसकी कीमतों में लगातार गिरावट आ रही है। आज एक बार फिर सोने के दाम धड़ाम हुए हैं और भाव पिछले एक साल के निचले स्तर से भी नीचे फिसल गए हैं।
“सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों में गिरावट का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुडरिटर्न्स (GoodReturns) और ऑल इंडिया बुलियन के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, आज यानी 25 नवंबर को देश के ज्यादातर बड़े शहरों में 24 कैरेट शुद्ध सोने का भाव 3,220 टूटकर 1,24,580 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया है। वहीं, गहने बनाने वाले 22 कैरेट सोने की कीमत घटकर 1,14,200 प्रति 10 ग्राम रह गई है। वायदा बाजार यानी MCX पर भी सोना 1.21 लाख के स्तर के आसपास है।
सोने की इस गिरावट को समझने के लिए पिछले कुछ महीनों के आंकड़ों पर नजर डालना जरूरी है। Livemint और MCX के आंकड़ों के अनुसार जनवरी 2026 में सोने ने 1,80,779 रुपए प्रति 10 ग्राम का ऑल-टाइम हाई रिकॉर्ड बनाया था। यानी अपने शिखर से सोना अब तक 58,000 से ज्यादा सस्ता हो चुका है। अक्टूबर महीने में सोने में करीब 7 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। नवंबर की बात करें तो 5 नवंबर को 24 कैरेट सोना 1,46,020 के स्तर पर था, जो महज 20 दिनों के भीतर करीब 13 फीसदी तक लुढ़क चुका है। खासतौर पर 20 नवंबर को एक ही दिन में सोना 5,100 से ज्यादा टूट गया था।” इसके साथ ही चांदी में लगभग 20% की गिरावट आई है। चांदी 301 रुपये टूटकर 1,45,137 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई। सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट के पीछे कई बड़े कारण हैं। सबसे पहला कारण अमेरिका में ब्याज दरों को लेकर अनिश्चितता है। निवेशक अमेरिकी फेडरल रिजर्व के अगले फैसले का इंतजार कर रहे हैं। इसके अलावा अमेरिका में बॉन्ड यील्ड बढ़ने और डॉलर मजबूत होने से भी सोने पर दबाव बना हुआ है। दूसरी तरफ, जिन निवेशकों ने पहले सोने-चांदी में भारी खरीदारी की थी, अब वे मुनाफा निकाल रहे हैं। इससे बाजार में बिकवाली बढ़ गई है। चांदी की गिरावट के पीछे औद्योगिक मांग को लेकर चिंता भी है। सोलर सेक्टर में चांदी की खपत घटने की आशंका जताई जा रही है।
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में $3,500 प्रति औंस का स्तर बेहद अहम है। अगर सोना इसके नीचे फिसलता है, तो घरेलू बाजार में भाव 1,18,000 तक भी आ सकते हैं। हालांकि, शादी के सीजन को देखते हुए ज्वैलरी खरीदारों के लिए मौजूदा गिरावट किसी बड़े मौके से कम नहीं है।” तो कुल मिलाकर, निवेशकों के लिए यह दौर भले ही उतार-चढ़ाव भरा हो, लेकिन आम खरीदारों और शादी वाले घरों के लिए सोने की यह गिरावट बड़ी राहत लेकर आई है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

