जयराम-बिंदल बोले, जनता से किए वादे पूरे करने में नाकाम रही सरकार
अर्की के शालाघाट पहुंचे भाजपा नेताओं ने खोला सियासी मोर्चा
स्टाफ रिपोर्टर — अर्की
कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के दौरान प्रदेश की जनता को दस गारंटियों के माध्यम से बड़े-बड़े सपने दिखाए थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद सरकार अपने वादों को पूरा करने में नाकाम रही है। महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपए देने, युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने तथा 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने जैसे वादे आज भी जनता के बीच सवाल बने हुए हैं। यह कहना है नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष राजीव बिंदल का। बता दें कि भारतीय जनता पार्टी अर्की मंडल की ओर से शालाघाट स्थित अर्जुन खेल मैदान में पंचायती राज एवं नगर निकाय जनप्रतिनिधि सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की, जबकि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद सुरेश कश्यप विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर तीखे राजनीतिक हमले किए। जयराम ने प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार आर्थिक प्रबंधन में विफल रही है और लगातार कर्ज लेकर प्रदेश का कामकाज चलाया जा रहा है। उन्होंने पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में खोले गए स्कूलों, स्वास्थ्य संस्थानों और अन्य सरकारी कार्यालयों को बंद करने के फैसले पर भी कांग्रेस सरकार को घेरा। उन्होंने दावा किया कि पंचायत चुनावों में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों को व्यापक जनसमर्थन मिला है और करीब 75 प्रतिशत प्रत्याशियों की जीत संगठन के लिए उत्साहजनक है।
विकास कार्यांे में पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका अहम
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने कहा कि पंचायती राज संस्थाएं लोकतंत्र की सबसे मजबूत आधारशिला हैं। गांव और शहर के स्तर पर जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझने तथा विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में प्रधानों, उपप्रधानों, वार्ड सदस्यों और नगर निकाय प्रतिनिधियों की महत्त्वपूर्ण भूमिका रहती है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि जनता और सरकार के बीच महत्त्वपूर्ण कड़ी होते हैं तथा उनके प्रयासों से ही विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचता है।
भाजपा नेताओं ने दिखाई संगठनात्मक एकजुटता
समारोह के माध्यम से भाजपा ने अर्की विधानसभा क्षेत्र में संगठनात्मक एकजुटता का संदेश दिया। समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष रतन सिंह पाल, पूर्व विधायक गोविंद राम शर्मा, केएल ठाकुर, परमजीत सिंह पम्मी, राजेंद्र ठाकुर, महिला मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष डेजी ठाकुर, प्रतिभा कंवर, राजपाल सिंह, संदीपनी भारद्वाज, आशा परिहार, मीनाक्षी ठाकुर, रीना भारद्वाज, राजेश महाजन तथा राकेश ठाकुर सहित विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

