जेओए आईटी को वन टाइम छूट, इन कर्मचारियों को मिली राहत, नियमितीकरण की राह हुई आसान

By: Nov 25th, 2026 11:21 pm

पोस्ट कोड 817 से चयनित कर्मचारियों को मिली राहत, नियमितीकरण की राह हुई आसान

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-शिमला

हिमाचल सरकार ने पोस्ट कोड-817 के तहत नियुक्त जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (आईटी) कर्मचारियों को नियमित करने के लिए कटऑफ डेट की शर्त में एकमुश्त छूट देने का फैसला लिया है। इस फैसले से उन कर्मचारियों को भी नियमितीकरण का लाभ मिलेगा, जिन्हें अक्तूबर 2024 में नियुक्ति प्रस्ताव जारी किए गए थे और जो अब तक 30 सितंबर 2026 की निर्धारित कटऑफ डेट के कारण नियमितीकरण के दायरे से बाहर रह गए थे। प्रदेश सरकार के कार्मिक विभाग ने इस संबंध में सभी प्रशासनिक सचिवों, मंडलायुक्तों, विभागाध्यक्षों और उपायुक्तों को निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत पोस्ट कोड-817 के कर्मचारियों के लिए एक विशेष मामले के रूप में 30 सितंबर, 2026 की कटऑफ डेट की शर्त में वन टाइम रिलेक्सेशन प्रदान की गई है।

दरअसल, सरकार ने पहली अप्रैल, 2026 को जारी नियमितीकरण नीति में 31 मार्च, 2026 तक दो साल का निरंतर अनुबंध सेवाकाल पूरा करने वाले कर्मचारियों को नियमित करने का फैसला लिया था। साथ ही 30 सितंबर, 2026 तक दो साल का सेवाकाल पूरा करने वाले अनुबंध कर्मचारियों को भी नियमितीकरण का पात्र माना गया था। बाद में 28 सितंबर, 2026 को भी इस संबंध में नीति जारी की गई। सितंबर 2024 या उससे पहले नियुक्ति पाने वाले अभ्यर्थी नियमितीकरण के पात्र हो गए, जबकि अक्तूबर 2024 में नियुक्ति प्रस्ताव पाने वाले कर्मचारी निर्धारित कटऑफ डेट के कारण लाभ से वंचित रह गए। अब सरकार ने इस विसंगति को दूर करते हुए विशेष छूट देने का निर्णय लिया है।

औपचारिकताएं पूरी करने में देरी

कार्मिक विभाग के अनुसार पोस्ट कोड-817 के तहत जेओए (आईटी) के पदों पर नियुक्तियों को सरकार ने एक साथ मंजूरी दी थी, लेकिन कुछ विभागों में औपचारिकताएं पूरी करने में देरी के कारण नियुक्ति प्रक्रिया अलग-अलग समय पर पूरी हुई। इसके चलते कुछ अभ्यर्थियों को सितंबर 2024 या उससे पहले नियुक्ति मिल गई, जबकि इसी भर्ती बैच के कुछ अन्य अभ्यर्थियों को अक्तूबर 2024 में नियुक्ति प्रस्ताव जारी किए गए। इससे एक ही भर्ती प्रक्रिया के अभ्यर्थियों के बीच नियमितीकरण को लेकर असमान स्थिति पैदा हो गई थी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App