अमित शाह के निशाने पर कांग्रेस, हैदराबाद कार्यक्रम में इटली के नेता की नारेबाजी पर घेरे राहुल गांधी

By: Nov 16th, 2026 12:07 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो— नई दिल्ली

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हैदराबाद में अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में की गई टिप्पणियों को लेकर राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता भारत को बदनाम कर रहे हैं। देश को बदनाम करने से सत्ता नहीं मिलेगी। कांग्रेस लगातार तीन बार हारने के कारण हताशा में है। पुणे के एक कार्यक्रम में शाह ने कहा कि अगर राहुल जीतना चाहते हैं तो विदेश जाना छोड़े और गांवों में जाना शुरू करें।

हैदराबाद में हुए कांग्रेस के एक कार्यक्रम का जिक्र करते हुए शाह ने कहा कि देशभर के वामपंथी विचारधारा के लोगों को उसमें बुलाया गया। राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के राजकुमार वहां गए। अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस ने कार्यक्रम का नाम तो देश के नाम पर रखा है, लेकिन वहां देश विरोधी बातें बोली गईं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने वहां देशविरोधी बातें करके दुनिया में भारत को बदनाम करने का काम किया है।

्रभारत के अपमान पर हंस रहे थे कांग्रेस नेता

हैदराबाद में कांग्रेस के भारत समिट 2026 के दौरान इटली के नेता जियाकोमो फिलिबेक ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के समर्थन में वोट चोर, गद्दी छोड़ का नारा लगाया। उन्होंने कहा कि भारत में लोकतंत्र खतरे में है और इसकी रक्षा के लिए राहुल गांधी और कांग्रेस के साथ खड़ा होना चाहिए। राहुल गांधी इस दौरान हंसते और तालियां बजाते नजर आए। इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए रिजिजू ने इन टिप्पणियों पर गांधी की प्रतिक्रिया पर सवाल उठाया और पूछा कि जब कोई विदेशी नागरिक देश का अपमान करता है, तो भला कौन हंसता है?


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App