‘अपना घर वृद्धाश्रम’ में सबीना और कन्हैया लाल ने थामा एक-दूजे का हाथ, रीति-रिवाज से निभाईं शादी की रस्में
बिलासपुर में पारंपरिक रीति-रिवाज से निभाईं शादी की रस्में, समारोह में गणमान्यों ने बढ़ाई रौनक
कार्यालय संवाददाता-बिलासपुर
जिंदगी के सफर में जब अपनों का साथ छूट गया तो दो अनजान चेहरों को एक-दूसरे में अपना हमसफर मिल गया। अब 63 वर्षीय सबीना और 75 वर्षीय कन्हैया लाल एक-दूसरे का हाथ थामकर जीवन की नई शुरुआत की। जिला बिलासपुर के दयोली स्थित अपना घर वृद्धाश्रम में बुधवार को हिमाचल का अनूठा विवाह संपन्न हुआ। अपना घर दयोली में पारंपरिक रिति-रिवाज के साथ यह विवाह संपन्न हुआ। इस अनूठे विवाह की साक्षी डीसी बिलासपुर किरण भड़ाना, जिला कल्याण अधिकारी रमेश बंसल सहित अन्य लोग बने। बुधवार को सुबह के समय विवाह को लेकर रस्में अदा की गई।
गीत संगीत के बीच वरमाला के साथ ही अन्य रस्में संपन्न हुई। सबीना और कन्हैया लाल के चेहरे पर हमसफर मिलने की खुशी साफ झलक रही थी। वर और वधू को क्षेत्र के अन्य लोगों ने भी इस शादी में पहुंचकर बधाईयां दी। उम्र के इस पड़ाव पर सबीना और कन्हैया लाल के जीवन में आई इस नई खुशी ने आश्रम के अन्य सदस्यों के चेहरों पर भी मुस्कान ला दी है। सबीना मूल रूप से कोलकाता की रहने वाली हैं, जबकि कन्हैया लाल मंडी जिला के जंजैहली क्षेत्र से संबंध रखते हैं। अपना घर वृद्धाश्रम दयोली की ओर से सबीना और कन्हैया लाल के विवाह समारोह में शामिल होने के लिए कई लोग पहुंचे।
क्या कहते हैं जिला कल्याण अधिकारी
जिला कल्याण अधिकारी रमेश बंसल ने कहा कि जीवन के किसी भी पड़ाव में खुशी मिले उसे हासिल करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अपना घर वृद्धाआश्रम में संपन्न हुआ यह विवाह अनूठी मिसाल बना है। उन्होंने कहा कि खुशियां हासिल करने के लिए कोई भी उम्र नहीं होती हैं। जब भी खुशियां मिलें उन्हें ग्रहण करना चाहिए।
उपायुक्त के बोल
उपायुक्त बिलासपुर किरण भड़ाना ने सबीना और कन्हैया लाल को बधाई दी। उन्होंने कहा कि परिवार के ठुकराए हुए लोगों का काम सिर्फ दवाई खाना ही नहीं है, बल्कि जिंदगी इस पड़ाव में भी दूसरा मौका देती है, तो उस मौके का लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग हो गए हैं तो इसका मतलब यह नहीं कि जरूरतें कम हो गई हैं और जिंदगी जीने का कोई हक नहीं है। उन्होंने इस प्रयास के लिए अपना घर वृद्धाआश्रम के प्रयासों की भी सराहना की।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

