पंचायतों की हर मीटिंग का Online रिकॉर्ड, सरकार ने जारी की अधिसूचना, ऐसे होगा प्रमाणीकरण

By: Nov 26th, 2026 12:11 am

सरकार ने जारी की अधिसूचना, डिजिटल हस्ताक्षर से होगा प्रमाणीकरण

स्टाफ रिपोर्टर — शिमला

प्रदेश की ग्राम पंचायतों से लेकर जिला परिषद स्तर तक होने वाली बैठकों की कार्यवाही को अब डिजिटल किया जाएगा। पंचायती राज विभाग ने पंचायत कार्यवाही प्रबंधन सिस्टम लागू कर दिया है। इसके तहत ग्राम सभा, महिला ग्राम सभा, विशेष ग्राम सभा, ग्राम पंचायत, पंचायत समिति और जिला परिषद की बैठकों की कार्यवाही डिजिटल रूप से प्रमाणित और सुरक्षित रखी जाएगी। विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार पंचायत कार्यवाही प्रबंधन सिस्टम के माध्यम से बैठकों की पूरी प्रक्रिया को ऑनलाइन दर्ज किया जाएगा। इसके लिए himpanchayat.hp.gov.in पोर्टल का इस्तेमाल किया जाएगा। नई व्यवस्था के तहत बैठक शुरू होने से पहले संबंधित अधिकारी को सिस्टम में बैठक शेड्यूल करनी होगी।

बैठक शुरू होने के बाद सबसे पहले उपस्थित सदस्यों और अधिकारियों की हाजिरी दर्ज की जाएगी। ग्राम सभा, महिला ग्राम सभा और विशेष ग्राम सभा में निर्वाचित प्रतिनिधि, अधिकारी तथा ग्राम सभा सदस्यों का नाम, पिता या पति का नाम, गांव, लिंग और हस्ताक्षर सहित विवरण दर्ज किया जाएगा। बैठक की कार्यवाही तैयार होने के बाद उसे संबंधित अध्यक्ष या अनुमोदन अधिकारी के पास स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। अंतिम प्रमाणीकरण को आधार आधारित डिजिटल हस्ताक्षर और ओटीपी सत्यापन की व्यवस्था की गई है। इसके लिए अधिकारी को सिस्टम से सी-डैक के आधार साइनिंग पेज पर भेजा जाएगा, जहां आवश्यक आधार विवरण और ओटीपी के माध्यम से डिजिटल हस्ताक्षर की प्रक्रिया पूरी होगी।

तीन दिन में अपलोड करनी होगी बैठक की जानकारी

बैठक समाप्त होने के तीन दिन के भीतर कार्यवाही को सिस्टम में अपलोड करना होगा। इसकी जिम्मेदारी संबंधित पंचायत सचिव, पंचायत समिति सचिव, जिला परिषद सचिव या अधिकृत अधिकारी की होगी। इस व्यवस्था की निगरानी उपायुक्त, जिला पंचायत अधिकारी, खंड विकास अधिकारी और विभाग द्वारा अधिकृत अन्य अधिकारी करेंगे।

आम लोग भी देख सकेंगे बैठक की जानकारी

पंचायत बैठकों की कार्यवाही को डिजिटल करने का एक महत्त्वपूर्ण पहलू इसमें जनता की पहुंच भी है। सिस्टम पर बैठक का शीर्षक और बैठक की तारीख जैसी बुनियादी जानकारी आम लोगों को दिखाई देगी। इसके अलावा नागरिक हिमसेवा पोर्टल या संबंधित पंचायत कार्यालय से निर्धारित शुल्क देकर कार्यवाही की प्रमाणित प्रति प्राप्त कर सकेंगे। प्रमाणित प्रति में क्यूआर कोड होगा, जिससे दस्तावेज की सत्यता और प्रमाणीकरण की जांच की जा सकेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App