गगल में दो गुटों में खूनी झड़प, पुरानी रंजिश के चलते एक-दूसरे पर डंडों-चाकुओं से हमला, 20 लोग घायल
नगर संवाददाता-गगल
गगल बाजार में धर्मशाला मार्ग पर रविवार को दों गुटों के बीच हुई खूनी झड़प में 20 लोग घायल हो गए। मारपीट से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि देखते ही देखते डंडों और चाकुओं से एक-दूसरे पर हमला कर दिया गया। इस हिंसक संघर्ष में करीब 15 से 20 लोग घायल हो गए, जिनमें पुरुषों के साथ महिलाएं भी शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस थाना गगल के प्रभारी उधम सिंह ने बताया कि गगल-धर्मशाला रोड पर पीएनबी बैंक के पास रहने वाले लोगों में पुरानी रंजिश के चलते विवाद हो गया। झड़प में घायल लोगों को उपचार के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तियारा भेजा गया है।
थाना प्रभारी के अनुसार, मामले में इन गुटों की शिकायतों के आधार पर क्रॉस मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से छानबीन कर रही है तथा झगड़े के वास्तविक कारणों और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस हिंसक घटना से कुछ देर के लिए सडक़ पर यातायात भी थम गया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
