श्रमिकों के हक में शिमला में गूंजेगी बीएमएस की हुंकार
न्यूनतम दिहाड़ी बढ़ोतरी का लाभ देने और स्थायी रोजगार नीति बनाने की मांग, बजट से पहले 50 हजार श्रमिकों के साथ सचिवालय घेरने की चेतावनी
निजी संवाददाता-दाड़लाघाट
हिमाचल प्रदेश भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) ने आगामी बजट से पहले प्रदेश सरकार के खिलाफ आंदोलन करने का निर्णय लिया है। संगठन की ओर से बजट सत्र से पहले शिमला में विशाल हुंकार रैली आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रदेशभर से करीब 50 हजार महिला एवं पुरुष श्रमिकों के भाग लेने का दावा किया गया है। आंदोलन की तैयारियों को लेकर अंबुजा सीमेंट दाड़लाघाट में बीएमएस प्रदेश अध्यक्ष मदन राणा की अध्यक्षता में सीमेंट उद्योग के श्रमिकों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्रमिकों की समस्याओं और मांगों को लेकर आगामी रणनीति तैयार की गई। प्रदेश अध्यक्ष मदन राणा ने बताया कि श्रमिकों की मांगों को लेकर मांग पत्र तैयार कर लिया गया है, जिसे जल्द प्रदेश सरकार को सौंपा जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि बजट से पहले सरकार इस पर सकारात्मक चर्चा नहीं करती है तो शिमला सचिवालय का घेराव कर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। मदन राणा ने कहा कि प्रदेश सरकार ने अप्रैल माह के बजट में न्यूनतम दिहाड़ी में 25 रुपये की बढ़ोतरी की घोषणा की थी, लेकिन सीमेंट उद्योग के श्रमिकों को अभी तक इसका लाभ नहीं मिला है।
अधिसूचना जारी नहीं होने से निजी क्षेत्र में काम करने वाले श्रमिक इस लाभ से वंचित हैं। उन्होंने कहा कि सीमेंट उद्योग में कई श्रमिक वर्षों तक सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्त हो गए, लेकिन उन्हें स्थायी रोजगार नहीं मिल पाया। उन्होंने सरकार से चुनाव से पहले निजी क्षेत्र के श्रमिकों के लिए स्थायी रोजगार नीति बनाने की मांग की। अखिल भारतीय सीमेंट मजदूर महासंघ के महामंत्री ओमप्रकाश शर्मा ने कहा कि सीमेंट प्लांट में कार्यरत श्रमिकों के भविष्य को लेकर चिंता बनी हुई है। उन्होंने सरकार से श्रमिकों को स्थायी करने के लिए ठोस योजना बनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि मार्च में प्रस्तावित आंदोलन को सफल बनाने के लिए सीमेंट उद्योग के श्रमिक बढ़-चढक़र भाग लेंगे। बैठक में इकाई अध्यक्ष सुरेश कुमार, महामंत्री नरेश कुमार, कार्यकारिणी अध्यक्ष टेकचंद, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रूपलाल, कोषाध्यक्ष रूपेश कुमार, उपाध्यक्ष राकेश कुमार, विनोद कुमार, बलवंत कुमार, कमलजीत, दिलीप सिंह, दीपचंद और गोविंद राम सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
