बिजली के टॉवर पर मिला 19 वर्षीय युवक का शव, फैली सनसनी

By: Nov 21st, 2026 12:55 am

चनोग पंचायत के बणे री घाटी के पास मिला शव, पुलिस ने मोबाइल और अन्य सामान कब्जे में लेकर शुरू की जांच
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
शिमला ग्रामीण की ग्राम पंचायत चनोग के बरोग रोड क्षेत्र में शुक्रवार सुबह बिजली के टॉवर पर 19 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक की पहचान अरुण कुमार निवासी भवाणा, डाकघर जुब्बड़हट्टी, शिमला के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही जतोग पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बाद में बालुगंज थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। जानकारी के अनुसार चनोग पंचायत के पौघाटी से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर बणे री घाटी के पास स्थानीय लोगों ने बिजली के टॉवर पर युवक का शव देखा। घटनास्थल के पास एक बाइक भी खड़ी थी। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को नीचे उतारा। मौके से युवक का मोबाइल फोन, पर्स, बाइक की चाबी और अन्य सामान बरामद किया गया, जिन्हें पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

घटना की सूचना मिलने पर मृतक के परिजन और ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी शिमला भेज दिया है। मौके पर एएसपी समेत अन्य पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से भी पूछताछ की है। युवक की मौत की खबर मिलते ही भवाणा गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस युवक के मोबाइल फोन, घटनास्थल की परिस्थितियों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और वह वहां कैसे पहुंचा, इन पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App