रिज के पास अवैध कब्जों पर चला निगम का हथौड़ा
टीम ने को शुरू की कार्रवाई; टिन की छतें उखाड़ीं, कब्जे हटने के बाद 10 करोड़ से बनेगा आधुनिक परिसर
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
ऐतिहासिक रिज मैदान से सटे परिसर में अवैध कब्जों को हटाने के लिए नगर निगम ने शुक्रवार को कार्रवाई शुरू कर दी। निगम की टीम मौके पर पहुंची और कब्जे के तहत बनाए गए ढांचों को हटाने का काम शुरू किया। कार्रवाई के दौरान सबसे पहले टिन की छतों को उखाड़ा गया। नगर निगम की इस कार्रवाई से अब रिज से सटे इस महत्वपूर्ण स्थल को अवैध कब्जों से मुक्त करवाने का रास्ता साफ होने लगा है। परिसर को पूरी तरह खाली करवाने के बाद यहां करीब 10 करोड़ रुपए की लागत से नए सिरे से आधुनिक परिसर का निर्माण किया जाना प्रस्तावित है। रिज मैदान शिमला की पहचान होने के साथ शहर का प्रमुख पर्यटन और सांस्कृतिक केंद्र भी है। यहां हर दिन बड़ी संख्या में पर्यटक और स्थानीय लोग पहुंचते हैं। रिज से सटे इस परिसर में लंबे समय से दुकानें और अस्थायी ढांचे मौजूद हैं। इनमें कई जगह टिन की छतें डालकर निर्माण किया गया है। अब नगर निगम ने इन्हें हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। शुक्रवार को निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर सबसे पहले टिन की छतों को उखाडऩे का काम किया।
आने वाले दिनों में शेष कब्जों को भी हटाने की कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी। नगर निगम की योजना के तहत इस पूरे परिसर को खाली करवाने के बाद इसका नए सिरे से विकास किया जाएगा। इसके निर्माण पर करीब 10 करोड़ रुपये खर्च करने का प्रस्ताव है। प्रस्तावित योजना में आधुनिक परिसर तैयार करने के साथ इस स्थान को व्यवस्थित स्वरूप देने पर ध्यान दिया जाएगा। निगम का उद्देश्य रिज के साथ लगते इस महत्वपूर्ण स्थल का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करना है। गौरतलब है कि इस परिसर में 15 से अधिक दुकानें और ढारे मौजूद हैं। यहां तहबाजारी के माध्यम से कारोबार करने वाले लोगों को दूसरी जगह शिफ्ट करने की योजना भी बनाई गई है। निगम की ओर से प्रभावित तहबाजारियों को वैकल्पिक स्थान उपलब्ध करवाने की प्रक्रिया पर काम किया जा रहा है। पहले भी परिसर को खाली करवाने की कोशिश हुई थी, लेकिन कुछ तहबाजारियों के अदालत पहुंचने के कारण कार्रवाई आगे नहीं बढ़ पाई थी। अब शुक्रवार से शुरू हुई कार्रवाई के बाद करीब 10 करोड़ रुपए के प्रस्तावित निर्माण की उम्मीदें बढ़ गई हैं। परिसर खाली होने के बाद निर्माण संबंधी औपचारिकताएं पूरी कर काम आगे बढ़ाया जाएगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
