लाहड़ू में कार खाई में गिरी, चालक की मौत

By: Nov 6th, 2026 12:55 am

ककीरा पहुंचने से पहले काल बना सडक़ हादसा, ससुराल जाते समय रास्ते में कार दुर्घटनाग्रस्त, चालक ने तोड़ा दम
स्टाफ रिपोर्टर-चुवाड़ी
भटियात उपमंडल के लाहड़ू में गुरुवार सुबह स्विफ्ट कार के दुर्घटनाग्रस्त होने से चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान राजेश कुमार निवासी गांव सुनेड, तहसील फतेहपुर, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। कार में चालक अकेला ही सवार था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। साथ ही मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार राजेश कुमार फतेहपुर से ककीरा स्थित अपने ससुराल जा रहा था। वहां से उसे अपनी पत्नी और दो बच्चों को साथ लेकर घर लौटना था, लेकिन रास्ते में लाहड़ू के पास उसकी कार अनियंत्रित होकर सडक़ से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए चुवाड़ी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, लेकिन टांडा ले जाते समय रास्ते में ही राजेश कुमार ने दम तोड़ दिया। पुलिस अधीक्षक चंबा विजय कुमार सकलानी ने कार हादसे में चालक की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना को लेकर नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई है।

पैरापिट से गिरने के कारण गई जान
चुवाड़ी। ग्राम पंचायत परछोड़ के नरोला में पैरापिट से गिरने के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान संजय शर्मा वासी घटासनी (ककीरा) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने घटना की रपट रोजनामचे में डालकर विस्तृत कारणों की जांच आरंभ कर दी है। जानकारी के अनुसार संजय शर्मा पैरापिट से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में घावों की ताव को न सहते हुए दम तोड दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने आरंभिक जांच व परिजनों के ब्यान के आधार पर इस संदर्भ में बीएनएसएस की धारा 194 के तहत कार्रवाई अमल में लाई है। उधर, एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने घटना की पुष्टि की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App