सीबीएसई स्कूलों के शिक्षकों को साल में पांच दिन मिलेगी मेडिकल लीव

By: Nov 25th, 2026 11:06 pm

10 दिन आकस्मिक अवकाश के साथ मिलेगा पांच दिन चिकित्सा अवकाश
प्रदेश के सभी सीबीएसई स्कूलों के प्रधानाचार्यों को निर्देश

कार्यालय संवाददाता—शिमला

हिमाचल प्रदेश के सीबीएसई से संबद्ध सरकारी स्कूलों में निर्धारित मानदेय पर सेवाएं दे रहे शिक्षकों को अब चिकित्सा अवकाश को लेकर स्पष्टता मिल गई है। शिक्षा निदेशालय ने इन शिक्षकों को साल में पांच दिन मेडिकल लीव देने की व्यवस्था स्पष्ट करते हुए सभी उपनिदेशकों को आदेश जारी किए हैं। इसके तहत शिक्षकों को सालाना 10 दिन आकस्मिक अवकाश के साथ पांच दिन चिकित्सा अवकाश भी मिलेगा। लंबे समय से मेडिकल लीव की पात्रता को लेकर स्कूलों के प्रधानाचार्यों की ओर से निदेशालय से स्पष्टीकरण मांगा जा रहा था।

शिक्षा निदेशालय ने 25 नवंबर को जारी पत्र में स्पष्ट किया है कि प्रदेश में सीबीएसई से संबद्ध उत्कृष्ट विद्यालयों की योजना और सरकारी स्कूलों में सीबीएसई के तहत निश्चित मानदेय अथवा एकमुश्त राशि पर नियुक्त शिक्षकों को योजना के प्रावधानों के अनुसार चिकित्सा अवकाश देय होगा। योजना के अनुच्छेद 8 के उपखंड 15 में इसका स्पष्ट उल्लेख है। इसके तहत योजना में नियुक्त शिक्षकों को एक वर्ष में 10 दिन आकस्मिक अवकाश और पांच दिन मेडिकल लीव का अधिकार है। निदेशालय ने सभी जिला उपनिदेशकों को निर्देश दिए हैं कि इस स्पष्टीकरण को अपने अधीन आने वाले सीबीएसई स्कूलों के प्रधानाचार्यों तक तुरंत पहुंचाया जाए, ताकि शिक्षकों को अवकाश देने में किसी तरह की असमंजस की स्थिति न रहे। आदेश की प्रतियां शिक्षा सचिव, डाइट प्रधानाचार्यों, सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों के प्रधानाचार्यों और खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारियों को भी भेजी गई हैं। विभाग के आईटी सेल को आदेश वेबसाइट पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं। इस स्पष्टीकरण से सीबीएसई योजना के तहत कार्यरत शिक्षकों को चिकित्सा अवकाश की पात्रता को लेकर राहत मिलेगी और स्कूलों में अवकाश स्वीकृति की प्रक्रिया में एकरूपता आएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App