लिल्ह में पलकों पर बिठाए सीएम सुक्खू

By: Nov 6th, 2026 12:57 am

लिल्ह पहुंचते ही मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर बरसे फूल, स्वागत में उमड़ा जनसैलाब

दिव्य हिमाचल ब्यूरो- लिल्ह (चंबा)
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू का गुरुवार को भरमौर विधानसभा क्षेत्र के गैर जनजातीय क्षेत्र लिल्ह पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने फूलमालाओं से जोरदार स्वागत किया। लिल्ह बस अड्डे से मुख्यमंत्री को ओपन जीप में कार्यक्रम स्थल तक ले जाया गया। इस दौरान रास्ते में स्वागत के लिए उमड़ी हजारों लोगों की भीड़ का मुख्यमंत्री ने अभिवादन स्वीकार किया। गुरुवार दोपहर बाद मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू हेलिकॉप्टर के माध्यम से होली से होते हुए एनएचपीसी के करियां स्थित हेलीपैड पहुंचे।

यहां पूर्व शिक्षा मंत्री आशा कुमारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और प्रशासनिक अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री का काफिला सडक़ मार्ग से करियां से लिल्ह के लिए रवाना हुआ। लिल्ह पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण कर क्षेत्रवासियों को सौगातें सौंपीं। इसके बाद उन्होंने जनसभा को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधिमंडलों से भी सादगी के साथ मुलाकात की और उनकी मांगों एवं समस्याओं को सुना।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में उत्साह
शाम छह बजे मुख्यमंत्री मैहला गांव के लिए रवाना हुए, जहां उन्होंने ’सरकार गांव के द्वार‘ कार्यक्रम की अध्यक्षता की। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर गुरुवार को भरमौर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत कर उन्हें पलकों पर बिठाया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App