इंडिया-यूएस ट्रेड डील पर वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने दी बड़ी अपडेट, जानिए क्या बताया

By: Nov 16th, 2026 12:01 am

अमरीका में भारतीय सामान पर कम लगेगा टैरिफ

एजेंसियां — काहिरा

भारत और अमरीका के बीच होने वाली ट्रेड डील में भारतीय सामान को खास फायदा मिल सकता है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने रविवार को कहा कि दोनों देश इस बात पर सहमत हो चुके हैं कि भारत को अमरीकी बाजार में दूसरे प्रतिस्पर्धी देशों के मुकाबले कम आयात शुल्क यानी टैरिफ का लाभ मिलेगा। इससे भारतीय सामान अमरीका में ज्यादा प्रतिस्पर्धी हो सकेगा। गोयल ने बताया कि यह सहमति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच बनी थी। दोनों नेताओं ने कुछ महीने पहले भारत-अमरीका द्विपक्षीय व्यापार समझौते के व्यापक ढांचे पर सहमति जताई थी। फिलहाल इस समझौते के पहले चरण को अंतिम रूप देने के लिए दोनों देशों के बीच बातचीत चल रही है। बता दें कि पीयूष गोयल दो दिन की मिस्र यात्रा पर हैं। इस दौरान वह दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश संबंधों को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा कर रहे हैं।

काहिरा में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने भारत-अमरीका ट्रेड डील को लेकर यह जानकारी दी। गोयल के मुताबिक, अमरीकी बाजार में भारत को दूसरे प्रतिस्पर्धी देशों से कम टैरिफ पर सामान बेचने का मौका मिलेगा। हालांकि, भारतीय सामान को कितना कम शुल्क देना होगा, यह दोनों देशों के बीच समझौते के अंतिम स्वरूप पर निर्भर करेगा। भारत और अमरीका ने फरवरी में द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण का ढांचा तैयार किया था। पहले इस समझौते पर जल्द हस्ताक्षर होने की उम्मीद थी, लेकिन अमरीका की टैरिफ नीति में बदलाव के कारण बातचीत आगे बढ़ गई। पिछले सप्ताह एक सरकारी अधिकारी ने भी कहा था कि अमरीका ने भारत को भरोसा दिया है कि प्रस्तावित समझौते के तहत भारतीय सामान को दूसरे देशों के मुकाबले टैरिफ में फायदा मिलेगा। दोनों देश मौजूदा वित्त वर्ष के अंत तक समझौते के पहले चरण को पूरा करने की दिशा में काम कर रहे हैं।

भारत को फायदा

अगर समझौते के तहत भारतीय सामान पर दूसरे देशों के मुकाबले कम टैरिफ लगता है, तो अमरीका में भारतीय उत्पादों की कीमत प्रतिस्पर्धी हो सकती है। इससे कपड़ा, इंजीनियरिंग सामान और अन्य निर्यात क्षेत्रों को फायदा मिलने की संभावना है। हालांकि, वास्तविक फायदा टैरिफ की दरों और समझौते की अंतिम शर्तें तय होने के बाद ही स्पष्ट होगा। फिलहाल पहले चरण के साथ-साथ व्यापक व्यापार समझौते पर भी बातचीत जारी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App