विशेष

Divya Himachal Survey : दिवाली के पटाखों पर क्या सोचते हैं हिमाचली, सर्वे में हुआ खुलासा

By: Nov 15th, 2026 9:31 pm
Divya Himachal Survey :

जीवन ऋषि , मटौर

दिवाली पर रोशनी और आतिशबाजी के बीच हिमाचल में प्रदूषण को लेकर जनता की चिंता भी सामने आई है। ‘दिव्य हिमाचल मीडिया हाउस के साप्ताहिक सर्वे में 61 फीसदी लोगों ने माना कि दिवाली के पटाखों से उनके शहर या गांव में प्रदूषण बढ़ा है। यानी त्योहार की खुशियों के साथ धुएं और खराब होती हवा का असर भी लोगों ने महसूस किया। हालांकि 33 फीसदी लोगों की राय इससे अलग रही।

उन्होंने माना कि उनके क्षेत्र में पटाखों से प्रदूषण नहीं बढ़ा। वहीं छह फीसदी लोग इस सवाल पर कोई स्पष्ट राय नहीं दे पाए। ‘दिव्य हिमाचल’ के सर्वे में कुल 632 लोगों ने अपनी राय रखी। इनमें से 61 फीसदी ने ‘हां’, 33 फीसदी ने ‘नहीं’ और छह फीसदी ने ‘पता नहीं’ में जवाब दिया। यूट्यूब पर 383 लोगों ने मतदान किया। इसके अलावा दिव्य हिमाचल टीवी के फेसबुक पेज और न्यूज वेबसाइट दिव्य हिमाचल डॉट कॉम पर भी लोगों ने अपनी प्रतिक्रियाएं साझा कीं।

कमेंट में भी दिखी मिली-जुली प्रतिक्रिया

सर्वे के कमेंट सेक्शन में भी लोगों ने अपने-अपने अंदाज में राय रखी। सैंडी ठाकुर ने तंज भरे लहजे में लिखा, ‘लॉकडाउन लगा दो फिर से।’ वहीं, सौरभ धनैक ने सवालिया अंदाज में पूछा, ‘किसका नहीं बढ़ा?’ पंकज शर्मा ने सवाल उठाया कि क्या अब पटाखे चलाना छोड़ दें? दूसरी ओर, कनु शर्मा, सिदान शर्मा, रवि और विवेक शर्मा ने प्रदूषण बढऩे की बात से असहमति जताते हुए ‘नहीं’ में अपना पक्ष रखा। शौय अवस्थी ने प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, ‘बिल्कुल सही।’

ग्रीन दिवाली का संदेश, अमल में कितनी कामयाबी?

हिमाचल में ग्रीन दिवाली को बढ़ावा देने के लिए पर्यावरण अनुकूल उत्सव, सीमित आतिशबाजी और ग्रीन पटाखों के इस्तेमाल पर जोर दिया गया। इसके बावजूद कई शहरों में दिवाली के दौरान एक्यूआई बढऩे से साफ है कि जागरूकता के संदेश को व्यवहार में उतारने की अभी जरूरत है।

एयर क्वालिटी इंडेक्स के हाल खराब

हिमाचल में दिवाली के दौरान अलग-अलग शहरों की हवा की गुणवत्ता में अंतर देखने को मिला। दिवाली से पहले सात नवंबर को शिमला का एक्यूआई 41 था, जो अगले दिन 66 हो गया। इसी तरह धर्मशाला का आंकड़ा भी सात, आठ और नौ नवंबर को क्रमश: 113, 132 व 139 दर्ज हुआ, जोकि अनहैल्दी था। इस तरह दिवाली के दिन यानी आठ नवंबर को परवाणू में एक्यूआई 219 तक पहुंच गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। बद्दी में यह 180, ऊना और पांवटा साहिब में 171-171, सुंदरनगर में 111, बरोटीवाला में 109 और डमटाल में 101 दर्ज किया गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App