होनहारों को वजीफे का अंतिम मौका, प्रधानमंत्री यूएसपी छात्रवृति के लिए इस डेट तक करें आवेदन

By: Nov 26th, 2026 12:08 am

प्रधानमंत्री यूएसपी छात्रवृति के लिए 30 नवंबर तक आवेदन करें छात्र, एचपी बोर्ड की वेबसाइट पर लिंक उपलब्ध

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — धर्मशाला

उच्च शिक्षा के सपने संजोए हिमाचल के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार की महत्त्वाकांक्षी छात्रवृत्ति योजना का लाभ उठाने का अंतिम अवसर नजदीक आ गया है। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा संचालित पीएम-यूएसपी योजना के तहत नए ऑनलाइन आवेदन और पुरानी छात्रवृत्तियों के नवीनीकरण की अंतिम तिथि 30 नवंबर, 2026 निर्धारित की गई है। बोर्ड प्रशासन ने पात्र विद्यार्थियों से समय रहते प्रक्रिया पूरी करने का आह्वान किया है, जिससे वे इस आर्थिक सहायता से वंचित न रहें। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि कॉलेज और विश्वविद्यालय स्तर के विद्यार्थियों के लिए चलाई जा रही इस केंद्रीय योजना की आवेदन प्रक्रिया वर्तमान में जारी है। डॉ. शर्मा ने बताया कि नए आवेदनों के साथ-साथ शैक्षणिक सत्र 2022, 2023, 2024 और 2025 के दौरान जारी की गई छात्रवृत्तियों के नवीनीकरण की प्रक्रिया भी इसी तिथि तक पूरी की जानी है।

सभी पात्र विद्यार्थी नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना आवेदन सुनिश्चित कर सकते हैं। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए छात्रवृत्ति से संबंधित सीधा लिंक हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की वेबसाइट पर भी उपलब्ध करवाया गया है। किसी भी प्रकार की तकनीकी सहायता या अधिक जानकारी के लिए विद्यार्थी बोर्ड के दूरभाष नंबर 01892-242139 पर संपर्क कर सकते हैं।

इन छात्रों को मिलेगी स्कॉलरशिप

राजेश शर्मा ने बताया कि मार्च 2026 में आयोजित बोर्ड परीक्षा में निर्धारित कटऑफ अंक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थी इसके लिए पात्र होंगे। बोर्ड द्वारा जारी मानदंडों के अनुसार, आवेदन के लिए सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों के न्यूनतम 423 अंक, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 416 अंक, अनुसूचित जनजाति के लिए 414 अंक, अनुसूचित जाति के लिए 410 अंक तथा दिव्यांग श्रेणी के विद्यार्थियों के लिए 399 या इससे अधिक अंक होना अनिवार्य है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App