जानें किस-किस दिन मिलेगी सरकारी छुट्टी, हिमाचल सरकार ने जारी किया 2027 का कैलेंडर
24 राजपत्रित अवकाश, कर्मचारियों को दो वैकल्पिक छुट्टियां चुनने की छूट
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
प्रदेश सरकार ने वर्ष 2027 के लिए सरकारी छुट्टियों का कैलेंडर जारी कर दिया है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार प्रदेश में वर्ष 2027 के दौरान 24 दिन राजपत्रित अवकाश रहेंगे। इन छुट्टियों का लाभ प्रदेश सरकार के कार्यालयों, बोर्डों, निगमों और अन्य संबंधित सरकारी संस्थानों के कर्मचारियों को मिलेगा। इसके अलावा सरकारी कर्मचारी प्रतिबंधित अवकाशों की सूची में से अपनी पसंद के दो अवकाश भी ले सकेंगे। वर्ष 2027 में सरकारी छुट्टियों की शुरुआत 25 जनवरी को राज्यत्व दिवस के साथ होगी। 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस, 20 फरवरी को गुरु रविदास जयंती छह मार्च को महाशिवरात्रि, 10 मार्च को ईद-उल.फितर और 23 मार्च को होली, 26 मार्च को गुड फ्राइडे, 14 अप्रैल को डा. भीमराव आंबेडकर जयंती और 15 अप्रैल को हिमाचल दिवस तथा राम नवमी का अवकाश रहेगा।
आठ मई को भगवान श्रीपरशुराम जयंती, 17 मई को ईद-उल-अजहा यानी बकरीद और 20 मई को बुद्ध पूर्णिमा, सात जून को महाराणा प्रताप जयंती, 16 जून को मुहर्रम और 18 जून को संत गुरु कबीर जयंती, 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस, 17 को रक्षाबंधन और 25 अगस्त को जन्माष्टमी का अवकाश रहेगा। दो अक्तूबर को महात्मा गांधी जयंती, नौ को दशहरा, 15 को महर्षि वाल्मीकि जयंती और 29 को दीपावली, 14 नवंबर को गुरु नानक जयंती और 25 दिसंबर को क्रिसमस का अवकाश होगा। इस तरह वर्ष के दौरान कुल 24 राजपत्रित छुट्टियां निर्धारित की गई हैं। वर्ष 2027 की प्रतिबंधित छुट्टियों की सूची में पहली जनवरी को नववर्ष दिवस, 14 को मकर संक्रांति, 11 फरवरी को बसंत पंचमी, दो मार्च को स्वामी दयानंद सरस्वती जयंती, 28 को ईस्टर संडे और 19 अप्रैल को महावीर जयंती शामिल हैं। नौ मई को गुरु रवींद्रनाथ टैगोर जयंती, चार सितंबर को गणेश चतुर्थी, सात अक्तूबर को दशहरा महाष्टमी, 30 अक्तूबर को गोवर्धन पूजा, 24 नवंबर को गुरु तेग बहादुर शहीदी दिवस और 24 दिसंबर को क्रिसमस ईव का प्रतिबंधित अवकाश रहेगा।
महिला कर्मियों को राहत
सरकार ने महिला कर्मचारियों के लिए दो अलग अवकाश भी घोषित किए हैं। इनमें 18 अक्तूबर को करवाचौथ और 31 अक्तूबर को भाईदूज का अवकाश रहेगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

