भारत के इस राज्य में मिले सोने के भंडार, अब सरकार उठाने जा रही ये बड़ा कदम

By: Nov 19th, 2026 4:27 pm

भुवनेश्वर। ओडिशा सरकार ने क्योंझर और देवगढ़ ज़िलों समेत राज्य में तीन स्थानों पर सोने के भंडार की पहचान के बाद, 2026-27 के लिए मयूरभंज ज़िले में सोने वाले ब्लॉक की नीलामी की प्रक्रिया शुरू की है। राज्य के इस्पात एवं खनन मंत्री विभूति भूषण जेना ने गुरुवार को ओडिशा विधानसभा को बताया कि भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (जीएसआई) और राज्य खान एवं भूविज्ञान निदेशालय ने अलग-अलग चरणों में की गई खोज के ज़रिए क्योंझर में गोपुर-जलाडीहा, देवगढ़ में अदास-रामपल्ली और मयूरभंज में मदनसाही-कंजिया में सोने वाली चट्टानों की पहचान की है।

भूषण जेना ने जलेश्वर विधायक अश्विनी कुमार पात्रा के एक सवाल का जवाब देते हुए कहा कि राज्य सरकार ने 2026-27 वित्तीय वर्ष में मदनसाही-कंजिया खनिज ब्लॉक की नीलामी करने का नीतिगत फ़ैसला लिया है। नीलामी की तैयारी का काम अभी चल रहा है। उन्होंने बताया कि खोज से इन इलाकों में कई दूसरे धातु खनिज होने का भी पता चला है।

देवगढ़ में अदास-रामपल्ली में सोने के अलावा तांबा , कार्बन, चांदी और निकल के भंडार हैं, जबकि मयूरभंज के मदनसाही-कंजिया इलाके में सोने वाले खनिज के साथ तांबे की भी पहचान हुई है। मंत्री ने कहा कि सरकार इन बहुखनिज भंडारों से अलग-अलग खनिजों की मात्रा ,गुणवत्ता और उनके आर्थिक फ़ायदे को ध्यान में रखते हुए तय नियमों के अनुसार ज़रूरी कदम उठाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App