सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए खुशखबरी, ग्रामीण विकास विभाग में इतने पद मंजूर
स्टाफ रिपोर्टर — शिमला
प्रदेश सरकार ने सरकारी क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर उपलब्ध करवाने की दिशा में महत्त्वपूर्ण फैसला लिया है। कैबिनेट बैठक में ग्रामीण विकास विभाग में जूनियर ऑफिस असिस्टेंट के 20 पद भरने की मंजूरी दी गई है। इसके अलावा प्रदेश के विभिन्न न्यायालयों में स्टेनोग्राफर ग्रेड-तीन के 15 नए पद सृजित कर उन्हें भरने को भी स्वीकृति प्रदान की गई है। सरकार के इन दोनों फैसलों से प्रदेश के युवाओं के लिए 35 सरकारी पदों पर भर्ती का रास्ता साफ हो गया है। सूचना प्रौद्योगिकी से जुड़े कार्यों के लिए कर्मचारियों की उपलब्धता बढ़ेगी और विभागीय स्तर पर कम्प्यूटर आधारित काम को बेहतर तरीके से संचालित किया जा सकेगा। वहीं, विभिन्न न्यायालयों में स्टेनोग्राफर ग्रेड-तीन के 15 नए पद सृजित होने से न्यायालयों में काम का बोझ कम करने और कार्यालयी कार्यों को तेजी से पूरा करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
सरकार के इन फैसलों को प्रदेश के उन युवाओं के लिए महत्त्वपूर्ण माना जा रहा है, जो लंबे समय से सरकारी नौकरियों की तैयारी कर रहे हैं। 35 पदों पर भर्ती से युवाओं को रोजगार का अवसर मिलेगा और सरकारी विभागों तथा न्यायालयों में आवश्यक स्टाफ की कमी को पूरा करने में भी मदद मिलेगी। भर्ती प्रक्रिया संबंधित नियमों और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आगे बढ़ाई जाएगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं को बेहतर भविष्य की ओर आगे बढऩे के अवसर उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
