Himachal Snowfall : हिमाचल की ऊंची चोटियों पर बिछी बर्फ की चादर, बढ़ गई ठंड, जानें आगे कैसा रहेगा मौसम
लाहुल स्पीति; किन्नौर, कुल्लू, चंबा, कांगड़ा और सिरमौर की ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी, निचले इलाकों में बारिश ने गिराया पारा
कार्यालय संवाददाता — शिमला
हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से रविवार को मौसम के तेवर एक बार फिर बदल गए। राज्य के अधिक ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाकों में एक बार फिर से बर्फबारी हुई है। जनजातीय क्षेत्रों सहित लाहुल स्पीति, किन्नौर, कुल्लू, चंबा, धर्मशाला और सिरमौर की ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी दर्ज की गई है। शिमला और सिरमौर जिला के सीमावर्ती इलाके में स्थित प्रसिद्ध शिरगुल महाराज मंदिर चूड़धार में भी बर्फबारी होने से सफेद चादर बिछ गई है। किन्नौर जिला के चोरंग और छितकुल में चार से छह इंच बर्फबारी दर्ज की गई। इसके अलावा लाहुल स्पीति के कुकुमसेरी में भी हिमपात हुआ है। अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हुई इस ताजा बर्फबारी के कारण सडक़ों पर फिसलन बढ़ गई है, जिससे स्थानीय लोगों और वाहन चालकों की दिक्कतें बढ़ गई
हैं। मौसम विभाग ने अगले हफ्ते पूरे राज्य में मौसम के साफ रहने का अनुमान जताया है।
पहाड़ों पर हुई ताजा बर्फबारी के चलते पूरे प्रदेश में ठंड का असर तेज हो गया है। प्रदेश में न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की गई है। राजधानी शिमला में सुबह के समय सर्द हवाएं चलीं और हल्की बारिश हुई, जिससे ठिठुरन बढ़ गई। शिमला में न्यूनतम तापमान में 2.0 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। राज्य के मैदानी और मध्यवर्ती इलाकों में भी कहीं धूप तो कहीं बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटों में शिमला जिला के सराहन में 8.5 मिलीमीटर बारिश और मंडी जिला के मुरारी देवी में एक सेंटीमीटर बारिश रिकार्ड की गई है। इसके अलावा सोलन में 0.8 मिलीमीटर और शिमला में 0.2 मिलीमीटर बारिश हुई। मौसम विज्ञान केंद्र की रिपोर्ट के मुताबिक जनजातीय इलाकों में भीषण ठंड पडऩी शुरू हो गई है और पारा शून्य से नीचे बना हुआ है। प्रदेश के तीन शहरों में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया है। इनमें नाहन का तापमान सामान्य से 2.2 डिग्री कम, केलांग का सामान्य से 1.5 डिग्री कम और पालमपुर का न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.5 डिग्री कम रिकार्ड हुआ है। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि 16 नवंबर से 21 नवंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम पूरी तरह साफ रहने का अनुमान है।
अधिकांश क्षेत्रों में गिरा न्यूनतम तापमान
राज्य के विभिन्न शहरों के न्यूनतम तापमान पर नजर डालें तो कुकुमसेरी में पारा शून्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस नीचे लुढक़ गया है। इसके बाद केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 2.5 डिग्री सेल्सियस, कल्पा में 2.8, कुफरी में 4.9, मनाली में 6.4, बजौरा में 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, शिमला और भरमौर में न्यूनतम तापमान 9.0 डिग्री सेल्सियस रहा। भुंतर में 9.4, पालमपुर और सोलन में 9.5, सुंदरनगर में 9.6, चंबा में 10.2, कांगड़ा में 10.5, सियोबाग और बरठीं में 10.6, मंडी में 11.2, ऊना में 11.4, धर्मशाला और नाहन में 11.8, बिलासपुर और जुब्बड़हट्टी में 12.0, नेरी में 13.6, देहरा गोपीपुर में 14.0, सराहन में 15.3 और पांवटा साहिब में न्यूनतम तापमान 17.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
