अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में हिमाचली उत्पादों की धूम

By: Nov 15th, 2026 11:26 pm

नई दिल्ली के भारत मंडपम में सजा हिमाचल पैवेलियन, 15 स्टॉल पर पहाड़ी हुनर की झलक

कार्यालय संवाददाता-शिमला

हिमाचल प्रदेश के पारंपरिक हस्तशिल्प, हथकरघा और स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय बाजार में पहचान दिलाने के लिए प्रदेश ने अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करवाई है। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला-2026 में हिमाचल प्रदेश के पैवेलियन का शुभारंभ प्रधान आवासीय आयुक्त अजय यादव ने किया। पवेलियन में लगाए गए 15 स्टॉल पर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक बुनकर कला, हस्तशिल्प और स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद प्रदर्शित किए जा रहे हैं। खास बात यह है कि इस मंच के माध्यम से प्रदेश के लगभग सभी जिलों के कारीगरों और छोटे उद्यमियों को अपने उत्पाद देशभर के खरीदारों और आगंतुकों तक पहुंचाने का अवसर मिला है।

हिमाचल पवेलियन में भुट्टिको कुल्लू, हिम इरा, हिमाचल प्रदेश हैंडलूम एवं हैंडीक्राफ्ट्स और नूरपुर सिल्क मिल्स सहित कई प्रमुख संस्थानों एवं उद्यमों ने अपने उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई है। भुट्टिको और हैंडलूम एवं हैंडीक्राफ्ट्स के स्टॉल पर स्थानीय बुनकरों की पारंपरिक कला देखने को मिल रही है, जबकि नूरपुर सिल्क मिल्स के रेशमी उत्पाद भी आकर्षण का केंद्र हैं। हिम इरा के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और विपणन का अवसर उपलब्ध करवाया है। पैवेलियन में पर्यावरण के अनुकूल, प्राकृतिक और स्थानीय स्तर पर तैयार उत्पादों को लेकर भी आगंतुकों में खासा उत्साह है। हिली बास्केट और गुलाब शॉल्स इंडस्ट्री के उत्पाद भी प्रदर्शित किए जा रहे हैं। भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला 14 से 27 नवंबर तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित किया जा रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App