एचआरटीसी पेंशनरों ने सरकार से मांगे वित्तीय लाभ, मुख्यालय के घेराव की तैयारी, राहत न मिलने से रोष

By: Nov 15th, 2026 10:28 pm

कार्यालय संवाददाता — मंडी

हिमाचल पथ परिवहन निगम के पेंशनरों ने अपने वित्तीय हितों और लंबित मांगों को लेकर सरकार व निगम प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पांच प्रतिशत महंगाई भत्ता (डीए) नहीं मिलने और वर्षों से लंबित वित्तीय देनदारियों के विरोध में प्रदेश भर के पेंशनर 27 नवंबर को शिमला स्थित एचआरटीसी मुख्यालय का घेराव करेंगे। इस बाबत एसआरटीसी पथ परिवहन पेंशनर कल्याण संगठन की बैठक मंडी में आयोजित हुई। संगठन इकाई मंडी के अध्यक्ष अनूप कपूर और महासचिव रोशन कटोच ने कहा कि निगम के सेवानिवृत्त कर्मचारियों की करीब 700 करोड़ रुपये की वित्तीय देनदारियां लंबित हैं। करीब 8500 पेंशनरों को वर्ष 2022 से अब तक एरियर के नाम पर एक भी पैसा नहीं मिला है।

जनवरी, 2026 के बाद सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पेंशन और अन्य सेवानिवृत्ति लाभों का तत्काल भुगतान करने की मांग भी उठाई गई है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा 50 और 30 पे मैट्रिक्स लेवल के आधार पर वर्ष 2016 से पेंशन का पुनर्निर्धारण कर एरियर जारी करने तथा पांच, 10 और 15 प्रतिशत पेंशन वृद्धि का बकाया भुगतान करने की मांग की जा रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App