IND vs NZ 2nd Test: क्राइस्टचर्च में टीम इंडिया का फ्लॉप शो, दूसरे टेस्ट में टॉप ऑर्डर धड़ाम
क्राइस्टचर्च। आकाश दीप (पांच विकेट), अंशुल कम्बोज और गुरनूर बराड़ (दो-दो विकेट) के बेहतरीन गेंदबाजी प्रदर्शन के दम पर भारत ने दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन शनिवार को दूसरे सत्र में न्यूजीलैंड को भोजनकाल के बाद 356 रन के स्कोर पर रोक दिया। इसके बाद मैदान में उतरे भारतीय बैटर्ज ने फ्लॉप शो किया और 5 विकेट गवां दिए। यशस्वी जायसवाल शून्य पर पैवेलियन लौट गए, जबकि केएल राहुल 25, देवदत्त पड्डिकल 21, शुभमन गिल 17 और ऋषभ पंत 23 रन बनाकर सस्ते में पैवेलियन लौट गए। अंतिम समाचार लिखे जाने तक भारत का स्कोर पांच विकेट पर 116 रन था। धु्रव जुरेल और वाशिंगटन सुंदर क्रीज पर डटे हुए थे।
आज यहां सुबह के सत्र न्यूजीलैंड ने पांच विकेट पर 246 रन से आगे खेलते हुए 84 रन जोड़े और तीन विकेट गंवाए। भोजनकाल तक न्यूजीलैंड ने आठ विकेट पर 330 रन बनाए। इस टॉम ब्लंडल (नाबाद 80) और मैट हेनरी (नाबाद पांच) क्रीज पर मौजूद थे। भोजनकाल से पहले आकाश दीप ने नाथन स्मिथ (26) और काइल जैमीसन (19) के विकेट लिए और अंशुल कंबोज ने ग्लेन फिलिप्स (36) को आउट किया। भोजनकाल के बाद बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड 26 रन जोडक़र 356 रन के स्कोर पर सिमट गई। 116वें ओवर में गुरनूर बराड़ ने शतक की ओर बढ़ रहे टॉम ब्लंडल को आउट कर भारत को नौवीं सफलता दिलाई। ब्लंडल ने 211 गेंदों में 11 चौके लगाते हुए 89 रन बनाये। इसके बाद 117वें ओवर में आकाश दीप ने मैट हैनरी 19 रन को आउट कर न्यूजीलैंड की पारी का 356 रन के स्कोर पर अंत कर दिया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

