भारत शान से फाइनल में, महिला एशियन हाकी चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल में 6-2 से पटका मलेशिया

By: Nov 27th, 2026 10:03 pm

एजेंसियां— भोपाल

महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में मेजबान भारत ने मलेशिया को 6-2 से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। अब भारत का फाइनल में मुकाबला शनिवार को चीन से होगा। भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित इंटरनेशनल स्पोट्र्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने मलेशिया के खिलाफ शानदार खेल दिखाया। वहीं, दिन के पहले सेमीफाइनल में चीन ने जापान को 1-0 से हराया। टूर्नामेंट में पांचवें और छठे स्थान के लिए हुए मुकाबले में कोरिया ने थाईलैंड को 4-1 से हराकर पांचवां स्थान हासिल कर लिया है।

शनिवार को कांस्य पदक के लिए मलेशिया-जापान के बीच भी मैच होगा। भारतीय टीम ने पहले क्वार्टर में 1-0 की बढ़त बनाई, जबकि दूसरे क्वार्टर में तीन गोल दागकर स्कोर 4-1 कर दिया। तीसरे और चौथे क्वार्टर में भारत ने एक-एक गोल किया। भारत की ओर से मुमताज खान, नवनीत कौर, दीपिका (दो गोल), सुनेलिता टोप्पो और ईशिका ने गोल किए। वहीं, मलेशिया की ओर से नूर अजर और नूर अमीराह जुल्किफली ने एक-एक गोल किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App