टक्का के वार्ड-8 में सिंचाई योजना का पानी बंद
डेढ़ साल से दिक्कत, 80 कनाल से अधिक जमीन प्रभावित, शिकायतों के बावजूद विभाग नहीं ले रहा सुध
नगर संवाददाता-ऊना
कुटलैहड़ विस क्षेत्र के तहत गांव टक्का के वार्ड नंबर आठ में सरकारी ट्यूबवेल नंबर-1 की सिंचाई लाइन पिछले करीब डेढ़ साल से खराब पड़ी है। इसके चलते 80 कनाल से अधिक उपजाऊ जमीन को सिंचाई सुविधा नहीं मिल रही है। खेतों में फसलें बारिश के पानी पर निर्भर हैं, जबकि किसानों को मजबूरी में निजी ट्यूबवेलों से पाइपें बिछाकर सिंचाई करनी पड़ रही है। समस्या का समाधान न होने से किसानों में विभाग के प्रति रोष है। मोहन लाल, नवीन, गुरबचन, महेश, अशोक और वंश सहित अन्य किसानों ने बताया कि विभाग की ओर से खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए भूमिगत पाइपलाइन बिछाई गई है। इसके माध्यम से कई वर्षों तक खेतों की सिंचाई होती रही, लेकिन करीब डेढ़ साल पहले लाइन में खराबी आने से पानी हौदियों तक पहुंचना बंद हो गया। इससे किसानों की परेशानी लगातार बढ़ रही है। निजी ट्यूबवेलों से लंबी पाइपें डालकर पानी खेतों तक पहुंचाया जा रहा है, लेकिन यह व्यवस्था पर्याप्त नहीं है। किसानों के अनुसार उन्होंने कई बार पंप ऑपरेटर और विभागीय अधिकारियों के समक्ष समस्याउठाई, लेकिन आज तक कोई समाधान नहीं हुआ। पंचायत प्रधान को भी इस बारे में अवगत करवाया गया है। प्रधान ने भी विभाग से लाइन दुरुस्त करवाने का आग्रह किया, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। किसानों ने विभाग से ट्यूबवेल की खराब पाइपलाइन और सिंचाई के लिए बनाई गई हौदियों को जल्द ठीक करवाने की मांग की है। किसानों का कहना है कि सिंचाई सुविधा बहाल न होने से खेती प्रभावित हो रही है। उन्होंने विभाग से मामले में कार्रवाई करने की मांग उठाई है।
नंगल कलां स्कूल में करवाई रंगोली प्रतियोगिता
टाहलीवाल। नंगल कलां स्कूल में दीया सजावट, कार्ड मेकिंग एवं रंगोली प्रतियोगिता करवाई। दीया सजावट प्रतियोगिता के जूनियर विंग में कक्षा आठवीं की छात्रा कृतिका ने प्रथम, कक्षा छठीं से रूहानी शर्मा एवं समर ने द्वितीय तथा सातवीं कक्षा से महक ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं सीनियर विंग में दसवीं कक्षा से वंशिका ने प्रथम, जमा एक कक्षा से अनीता ने द्वितीय तथा नवमीं कक्षा से निहारिका तृतीय स्थान पर रहीं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
