चीन की आनाकानी से नाराज मोदी कैबिनेट का बड़ा फैसला, अब भारत खुद बनाएगा यह मशीन
चीन की आनाकानी से नाराज मोदी कैबिनेट का फैसला, 11000 करोड़ लगाएंगे
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली
टनल बोरिंग मशीनें देने में बार-बार आनाकानी कर रहे चीन के आगे गिड़गिड़ाने की जगह भारत ने अब उसे करारा जवाब देने को फैसला लिया है। सरकार ने तय किया है कि सडक़, हाईवे, एक्सप्रेसवे बनाने में उपयोगी इन भारी मशीनों को भारत में ही बनाएंगे। इसके लिए केंद्रीय कैबिनेट ने बुधवार को निर्माण और बुनियादी ढांचा उपकरण (सीआईई) विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र स्कीम पर मुहर लगा दी। इस प्रोजेक्ट पर 11000 करोड़ रुपए खर्च होंगे। यह चीन को जवाब है कि भारत अपने हितों से कभी समझौता नहीं करने वाला। बता दें कि केंद्र सरकार ने बुधवार को देश के विकास को गति देने वाले कई महत्त्वपूर्ण फैसलों को मंजूरी देते हुए 20 हजार करोड़ रुपए की परियोजनाओं को मंजूरी दी। कैबिनेट ने कुल पांच प्रमुख योजनाओं को हरी झंडी दी है।
इनमें 11000 करोड़ की निर्माण और बुनियादी ढांचा उपकरण (सीआईई) विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र योजना के अलावा तमिलनाडु के कामराजार पोर्ट पर दूसरा कंटेनर टर्मिनल बनाने का भी निर्णय लिया गया है। इस परियोजना पर 4,288 करोड़ रुपए का व्यय होगा। असम के डोलू, सिलचर में एक ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा बनाने की मंजूरी दी गई है। इस हवाई अड्डे के निर्माण पर 2,014 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। ये परियोजनाएं देश में बुनियादी ढांचे को मजबूत करेंगी। इनसे रोजगार के नए अवसर भी पैदा होने की उम्मीद है। इसके अलावा डाक विभाग के लिए दो महत्त्वपूर्ण योजनाओं को भी मंजूरी मिली है। डाक परिचालन योजना के लिए 1,141 करोड़ रुपए की राशि निर्धारित की गई है। वहीं, संपदा प्रबंधन योजना के लिए 1,491 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। ये योजनाएं डाक विभाग की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने में मदद करेंगी। इस योजना का उद्देश्य डाक विभाग के बुनियादी ढांचे को बदलना और आधुनिक बनाना है।
54000 करोड़ की छह यूरिया परियोजनाएं मंजूर
केंद्र सरकार ने छह ब्राउनफील्ड गैस-आधारित यूरिया परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है। इन परियोजनाओं की कुल लागत 54,000 करोड़ रुपये है। यह मंजूरी देश के उर्वरक क्षेत्र में एक बड़ा निवेश दर्शाती है। यह कदम घरेलू यूरिया उत्पादन को मजबूत करने के लिए उठाया गया है। ब्राउनफील्ड परियोजनाओं का अर्थ है कि मौजूदा औद्योगिक स्थलों पर ही विकास कार्य होगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

