अमरीका में विपक्ष की बंपर जीत, क्या सत्ता से हटाए जा सकते हैं ट्रंप? महाभियोग की तैयारी

By: Nov 5th, 2026 10:44 pm

परिवार को फायदा पहुंचाने का आरोप, रिपब्लिकन पार्टी में बगावत

उपराष्ट्रपति जेडी वेंस नाराज रक्षामंत्री हेगसेथ की कुर्सी
पर मंडराया संकट

एजेंसियां — वाशिंगटन

अमरीका में मध्यावधि चुनावों में करारी हार के बाद रिपब्लिकन पार्टी और व्हाइट हाउस के भीतर अभूतपूर्व राजनीतिक भूचाल आ गया है। विपक्ष ने अब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ महाभियोग लाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके जरिए उन्हें पद से हटाया जा सकता है। वहीं हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स और सेनेट दोनों में बहुमत खोने के बाद राष्ट्रपति ट्रंप के खिलाफ पार्टी के अंदर ही बगावती सुर तेज हो गए हैं। हालात इतने खराब हैं कि ट्रंप की ही पार्टी के एक सांसद ने रक्षा मंत्री हेगसेथ के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाने की घोषणा कर दी है। मध्यावधि चुनाव के नतीजों में डेमोक्रेटिक पार्टी ने बहुमत हासिल कर ट्रंप प्रशासन पर शिकंजा कस दिया है। डेमोक्रेट्स आरोप लगा रहे हैं कि ट्रंप ने अपने पद का इस्तेमाल कर अपने करीबियों को फायदा पहुंचाया और संपत्ति जुटाई। इससे आम लोगों को नुकसान उठाना पड़ा।

डेमोक्रेटिक सांसद रॉबर्ट गार्सिया ने कहा है कि वह यह पता लगाएंगे कि राष्ट्रपति रहते हुए ट्रंप और उनके परिवार की संपत्ति कैसे बढ़ी। उनका फोकस ट्रंप के बेटों और दामाद जेरेड कुशनर के कारोबारी सौदों पर है। गार्सिया ने जांच के लिए पांच मुद्दे तय किए हैं। इनमें ट्रंप परिवार के कारोबारी सौदे, जेफ्री एपस्टीन मामले की जांच में ट्रंप प्रशासन की भूमिका और अमरीकी इमिग्रेशन एजेंसी की छापामारी और कार्रवाई शामिल हैं। वहीं उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया कि 2024 में ट्रंप को वोट देने वाले कई मतदाता ईरान जंग की वजह से दूर हो गए। ईंधन की बढ़ती कीमतों और युद्ध के लंबा खिंचने से आम जनता में भारी नाराजगी दिखी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App