दिवाली पर हमीरपुर बाजार में वाहनों की नो एंट्री, पुलिस सख्त

By: Nov 6th, 2026 12:54 am

गलियों और संपर्क मार्गों पर लगाए बैरिकेड्स, दिनभर तैनात रहेंगे पुलिस कर्मचारी

स्टाफ रिपोर्टर – हमीरपुर
दिवाली पर्व के मद्देनजर हमीरपुर शहर के मुख्य बाजार में उमडऩे वाली भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष कदम उठाए हैं। जिलाधीश गंधर्वा राठौड़ ने आदेश जारी कर पांच से आठ नवंबर तक शहर के मुख्य बाजार में सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है। इस दौरान बाजार में वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी, ताकि त्योहार के समय खरीदारी के लिए पहुंचने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। प्रशासन के आदेशों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए पुलिस ने शहर के मुख्य प्रवेश मार्गों के साथ-साथ चोर रास्तों और गलियों पर भी पहरा कड़ा कर दिया है। बाजार की ओर जाने वाले विभिन्न संपर्क मार्गों पर बैरिकेड्स लगाए गए हैं तथा पुलिस कर्मचारियों की तैनाती की गई है। कर्मचारी दिनभर इन रास्तों पर नजर रखेंगे। शहर में प्रवेश करने वाले वैकल्पिक रास्तों को भी बंद कर यातायात व्यवस्था पर नियंत्रण रखा जा रहा है। त्योहारी सीजन में बाजार में लोगों की आवाजाही बढऩे के कारण अक्सर जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। ऐसे में वाहनों की आवाजाही पर रोक लगने से पैदल खरीदारी करने वाले लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

प्रशासन का प्रयास
प्रशासन का प्रयास है कि बाजार क्षेत्र में भीड़ के बावजूद यातायात व्यवस्था व्यवस्थित रहे और किसी भी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों में बाधा न आए।

 जरूरी अपडेट
जिलाधीश द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, एंबुलेंस, अग्निशमन विभाग, ड्यूटी पर तैनात पुलिस वाहनों तथा अन्य आवश्यक सेवाओं से संबंधित वाहनों को प्रतिबंध से छूट दी गई है। आपातकालीन सेवाओं के वाहनों की आवाजाही निर्बाध रूप से जारी रहेगी। इसके अलावा आठ नवंबर को डांग क्वाली हीरानगर सडक़ पर सुबह 9 से 11 बजे तक तथा शाम चार से छह बजे तक वन-वे यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। वहीं छह और सात नवंबर को इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App