ऑनलाइन खरीददारी और महंगाई ने फीकी की दिवाली की रौनक

By: Nov 6th, 2026 12:56 am

धनतेरस से एक दिन पहले भी पांवटा के बाजार सूने, दिन भर ग्राहकों की राह ताकते रहे दुकानदार

कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
दीपावली में तीन दिन और धनतेरस में एक दिन शेष है, लेकिन पांवटा साहिब के मुख्य बाजार, गुरुद्वारा मार्केट और बद्रीपुर बाजार से रौनक गायब है। हर साल इस समय ग्राहकों से गुलजार रहने वाले बाजारों में इस बार सन्नाटा पसरा है। व्यापारियों के अनुसार ऑनलाइन शॉपिंग और महंगाई ने बिक्री पर असर डाला है। ग्राहक दुकानों में सामान देखने के बाद ऑनलाइन ऑर्डर कर रहे हैं। वहीं, सोने-चांदी के साथ बर्तन, तेल, घी और इलेक्ट्रॉनिक सामान के दाम पिछले साल के मुकाबले 15 से 20 फीसदी तक बढऩे से खरीदारी सीमित हो गई है। एक बर्तन व्यापारी ने बताया कि हर साल धनतेरस से दस दिन पहले बिक्री शुरू हो जाती थी, लेकिन इस बार धनतेरस से एक दिन पहले तक 40 फीसदी माल भी नहीं बिका है। कपड़ा व्यापारियों के मुताबिक पहले लोग पूरे परिवार के लिए कपड़े खरीदते थे, जबकि अब केवल बच्चों की खरीदारी तक सीमित हैं। किराना दुकानों पर भी दीये, तेल, मिठाई और पूजा सामग्री की बिक्री धीमी है। हालांकि व्यापारियों को धनतेरस और छोटी दिवाली पर ग्राहकी बढऩे की उम्मीद है।

राजगढ़ में नेहरू मैदान बनेगा दिवाली का पटाखा बाजार
राजगढ़। दीपावली पर पटाखों की बिक्री के लिए राजगढ़ के नेहरू मैदान में 6 से 8 नवंबर तक अस्थायी दुकानें लगाई जाएंगी। नगर पंचायत की सिफारिश पर उपमंडलाधिकारी राजगढ़ ने इसकी अनुमति देते हुए आदेश जारी किए हैं। नगर पंचायत सचिव ने नेहरू मैदान को पटाखा बिक्री के लिए उपयुक्त स्थान बताते हुए प्रस्ताव भेजा था। एसडीएम ने स्पष्ट किया है कि दुकानें निर्धारित स्थान पर ही लगेंगी और बिक्री के लिए कार्यालय से लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा। एसडीएम ने तहसीलदार/नायब तहसीलदार और थाना प्रभारी राजगढ़ को दुकानों की निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था और लाइसेंस की शर्तों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App