सफाई मित्रों की मेहनत से स्वच्छ बन रहा पालमपुर
विधायक आशीष ने सफाई कर्मचारियों के कल्याण कार्यक्रम में की शिरकत, कर्मचारियों को बांटे उपहार
कार्यालय संवाददाता- पालमपुर
पालमपुर को प्रदेश का सबसे स्वच्छ शहर बनाने में दिन-रात मेहनत करने वाले सफाई मित्रों का योगदान सराहनीय है। सुबह-सवेरे जब पूरा शहर सो रहा होता है, तब ये कर्मचारी सडक़ों और गलियों की सफाई में जुट जाते हैं। नगर निगम का प्रत्येक सफाई कर्मचारी हमारे परिवार का हिस्सा है और उनके मान-सम्मान व कल्याण का पूरा ध्यान रखना हमारी प्राथमिकता है। पालमपुर के विधायक आशीष बुटेल ने नगर निगम पालमपुर के सफाई कर्मचारियों के कल्याण के लिए आयोजित कार्यक्रम में ये बात कही। उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन सफाई कर्मचारियों को हर संभव सुविधा, सुरक्षा उपकरण और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पालमपुर को स्वच्छ, सुंदर और हरा-भरा बनाए रखने में हमारे सफाई कर्मचारियों का योगदान अतुलनीय है। वे केवल कर्मचारी नहीं, बल्कि नगर निगम परिवार के अभिन्न और महत्त्वपूर्ण सदस्य हैं। श्री बुटेल ने यह भी कहा कि आम नागरिकों को भी स्वच्छता बनाए रखने में सफाई कर्मचारियों का सहयोग करना चाहिए और कचरे का सही निष्पादन कर शहर को स्वच्छ रखने में अपनी भागीदारी निभानी चाहिए।
विधायक ने कहा कि संभवत पालमपुर नगर निगम एकमात्र ऐसा नगर निगम है, जहां संचित कचरा पुराना कचरा नहीं है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के सत्ता में आते ही करीब तीन साल का संचित कचरा नष्ट किया और नया कचरा समय-समय पर नष्ट किया जा रहा है। इस कार्य में भी सफाई कर्मचारियों ने अपनी अहम भूमिका निभाई है। विधायक ने सफाई कर्मचारियों को विभिन्न सामग्री बतौर उपहार वितरित भी किए। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारी कर्मचारियों को दिपावली की शुभकामनाएं प्रेषित की। नगर निगम की महापौर राधा सूद ने इस दौरान विधायक का कार्यक्रम में आगमन पर आभार जताया। उन्होंने भी सफाई कर्मचारियों को परिवार का हिस्सा बताया और उनकी भूमिका को रेखांकित किया। इस अवसर पर नगर निगम की उपमहापौर नीलम मलिक, आयुक्त नेत्रा मेती, संयुक्त आयुक्त रमेश कुमार, अधिशाषी अभियंता अभिनव सकलानी सहित विभिन्न पार्षद अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
