सडक़, शिक्षा-स्वास्थ्य पर सियासी संग्राम, शीत सत्र में 414 प्रश्नों से विधायक उठाएंगे जनहित के मुद्दे
स्टाफ रिपोर्टर — धर्मशाला
धर्मशाला के तपोवन में सोमवार से शुरू होने वाले हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र में सडक़-पुलों के निर्माण, शिक्षा एवं स्वास्थ्य संस्थानों के उन्नयन, सरकारी विभागों में रिक्त पदों, पर्यटन, पेयजल संकट, युवाओं में बढ़ते नशे और अपराध जैसे मुद्दों पर सदन में चर्चा होगी। सत्र के लिए विधायकों की ओर से प्रश्नों के माध्यम से कुल 414 सूचनाएं विधानसभा सचिवालय को प्राप्त हुई हैं। इनमें 219 तारांकित और 123 अतारांकित प्रश्न शामिल हैं। इसके अलावा विभिन्न नियमों के तहत भी 28 सूचनाएं प्राप्त हुई हैं।
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने रविवार को धर्मशाला तपोवन विधानसभा में पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि 14वीं विधानसभा का 13वां शीतकालीन सत्र 16 नवंबर को दोपहर दो बजे शुरू होगा, और 21 नवंबर तक चलेगा। इस दौरान कुल छह बैठकें होंगी। विधायकों ने अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों की प्रमुख समस्याओं को भी प्रश्नों के माध्यम से सदन में उठाया है। उन्होंने कहा कि सत्र की कार्यवाही सुचारू रूप से चलाने के लिए सोमवार सुबह 11 बजे सर्वदलीय बैठक बुलाई गई है। इसमें दोनों दलों के मुख्य सचेतक सहित प्रमुख नेता शामिल होंगे।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
सत्र के मद्देनजर विधानसभा अध्यक्ष ने रविवार को सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा भी की। उन्होंने अधिकारियों को तपोवन विधानसभा भवन और परिसर की सुरक्षा पुख्ता रखने के निर्देश दिए। परिसर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से होगी। वाहनों के प्रवेश के लिए अलग-अलग द्वार निर्धारित किए गए हैं। दर्शकों को गेट नंबर सात और मीडिया कर्मियों को गेट नंबर एक व पांच से प्रवेश मिलेगा। भवन में मोबाइल , लैपटॉप और अन्य उपकरण ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
