पक्ष-विपक्ष में सियासी तकरार, आज से होगी सवालों की बौछार, शीत सत्र से पहले दोनों दल बनाएंगे रणनीति
तपोवन में शीत सत्र से पहले दोनों दल बनाएंगे रणनीति
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — शिमला
धर्मशाला के तपोवन में सोमवार से शुरू हो रहे विधानसभा के शीतकालीन सत्र की शुरुआत हंगामेदार हो सकती है। 16 से 21 नवंबर तक होने जा रहे विंटर सेशन के लिए सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू सोमवार सुबह शिमला से धर्मशाला रवाना होंगे। वह विधानसभा परिसर के रूलिंग लाउंज में कांग्रेस लेजिसलेटिव पार्टी यानी सीएलपी की बैठक लेंगे। इस बैठक में हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल भी शामिल हो सकती हैं, क्योंकि वह धर्मशाला प्रवास पर हैं। इसी बैठक में विधानसभा सत्र के लिए रणनीति बनेगी और कांग्रेस के विधायक विपक्ष को काउंटर करने की कार्य योजना फाइनल करेंगे।
विधानसभा के इस विंटर सेशन में चुनावी साल की झलक देखने को मिलेगी। चुनावी साल में जनता के बीच उठाए जाने वाले मुद्दों की झलक भी इसी सत्र से मिलेगी। राज्य सरकार के पास अपना काम सदन में रखने के लिए इसके बाद सिर्फ बजट सत्र और मानसून सत्र का समय होगा।
होटल डी पोलो में मु्द्दों को धार देंगे बीजेपी विधायक
भाजपा विधायक दल की बैठक भी सोमवार को ही होने जा रही है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी एवं भाजपा विधायक दल के सचिव रणधीर शर्मा ने बताया कि विधायक दल की बैठक सोमवार 16 नवंबर को प्रात: 11:00 बजे होटल डी पोलो धर्मशाला में आयोजित की जाएगी। रणधीर शर्मा ने बताया कि इस बैठक की अध्यक्षता नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर करेंगे। उन्होंने कहा कि बैठक में भाजपा विधायक दल के सदस्य भाग लेंगे।
पहले दिन हालांकि रामपुर के विधायक नंदलाल के निधन के कारण शोक प्रस्ताव आएगा और इसके बाद सदन की कार्यवाही को स्थगित भी किया जा सकता है। इससे पहले भी इस तरह का स्थगन हो चुका है। यदि कार्य स्थगन नहीं हुआ, तो स्थगित प्रश्नों को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच में टकराव संभव हैए, क्योंकि बहुत से सवाल इस सदन के पहले दिन लगे हैं, जिनका जवाब राज्य सरकार ने पहले नहीं दिया था। इनमें से अधिकतर भाजपा के विधायकों के हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
