आज से तपोवन में तपेगी सियासत, सरकार-विपक्ष में कई मुद्दों पर चलेगा आरोप-प्रत्यारोप का दौर

By: Nov 16th, 2026 12:01 am

विधानसभा के शीतकालीन सत्र में कई मुद्दों पर सरकार और विपक्ष में चलेगा आरोप-प्रत्यारोप का दौर

वरिष्ठ संवाददाता — शिमला

हिमाचल की सुक्खू सरकार सोमवार से छह दिनों के लिए धर्मशाला से चलेगी। वर्तमान सरकार का अंतिम शीतकालीन सत्र सोमवार से आरंभ होगा और इसके लिए राजधानी शिमला से प्रशासनिक अमला भी रविवार शाम को धर्मशाला पहुंच गया है। वहीं सता पक्ष और विपक्ष के विधायक भी सत्र के लिए रविवार शाम को धर्मशाला पहुंचने लगे थे। लिहाजा सोमवार को शीतकालीन सत्र के आरंभ होने से कांग्रेस और भाजपा विधायक दल की बैठकें होंगी और दोनों पक्ष सत्र में एक-दूसरे को घेरने की रणनीति बनाएंगे। 21 नवंबर तक चलने वाले सत्र में छह बैठकों का आयोजन होगा।  उल्लेखनीय है कि प्रदेश सरकार ने इस मर्तबा राज्य में टूरिस्ट सीजन को ध्यान में रखते हुए नवंबर माह में ही विधानसभा का शीतकालीन सत्र धर्मशाला के तपोवन में आयोजित करने का फैसला लिया था।

लिहाजा सोमवार से तपोवन में शीतकालीन सत्र का आगाज होगा। इसके लिए सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। वहीं रविवार को विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने भी परिसर में तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ एक बैठक भी की। छह दिनों तक चलने वाले शीतकालीन सत्र के दौरान कुल 414 तारांकित और अतारांकित सवाल सदन में उठेंगे। वहीं अलग-अलग नियमों के तहत 28 विषयों को विधायक सदन में रखेंगे। सोमवार को दोपहर बाद दो बजे विधानसभा के शीतकालीन सत्र की कार्यवाही आरंभ होनी है।

पहले दिन पूछे जाएंगे 51 प्रश्न

शीतकालीन सत्र के पहले दिन सदन में कुल 51 प्रश्न रखे जाएंगे। इनमें से 33 प्रश्न तारांकित और 18 अतारांकित शामिल है। इनमें से सात प्रश्न ऐसे शामिल हैं, जिनकी आवश्यक सूचनाएं पहले से लंबित पड़ी हुई हैं। लिहाजा सदन के पहले दिन की कार्यवाही में प्रश्नकाल की शुरुआत इन प्रश्नों से होगी।

सत्र शुरू होने से पहले होगी सर्वदलीय बैठक

सत्र की कार्यवाही सुचारू रूप से चलाने के लिए विधानसभा अध्यक्ष की ओर से सत्र शुरू होने से पहले सुबह 11 बजे दोनों दलों के प्रमुख नेताओं की बैठक बुलाई गई है। इसमें संसदीय कार्य मंत्री, नेता प्रतिपक्ष, उप मुख्य सचेतक तथा भाजपा विधायक दल के मुख्य सचेतक शामिल होंगे। विधानसभा अध्यक्ष ने सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों से सदन के संचालन में रचनात्मक सहयोग देने का आग्रह किया है, ताकि सदन के बहुमूल्य समय का सदुपयोग जनहित से जुड़े मुददें और सार्थक चर्चा के लिए किया जा सके।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App