हिमाचल के 94 दवा निर्माण परिसरों में उत्पादन पर रोक, लोगों को दी गई ये सलाह; जानें

By: Nov 26th, 2026 11:13 pm

गुणवत्ता मानकों की अवहेलना पर राज्य औषधि नियंत्रण प्रशासन की सख्ती

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — बीबीएन

हिमाचल प्रदेश में दवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए राज्य औषधि नियंत्रण प्रशासन ने निगरानी और कार्रवाई का दायरा बढ़ा दिया है। निर्धारित गुणवत्ता मानकों की अवहेलना के चलते वर्तमान में प्रदेश के 94 दवा निर्माण परिसरों में पूर्ण अथवा आंशिक तौर पर उत्पादन पर रोक लगाई गई है। संबंधित दवा उद्योगों में पाई गई खामियों की प्रकृति और गंभीरता के आधार पर पूरे निर्माण परिसर अथवा उसके विशिष्ट उत्पादन अनुभागों में दवा निर्माण प्रतिबंधित किया गया है। इन उद्योगों को तब तक उत्पादन बहाल करने की अनुमति नहीं दी जाएगी, जब तक कि संबंधित खामियों को दूर करने के लिए आवश्यक सुधारात्मक एवं निवारक उपाय अमल में नहीं लाए जाते और औषधि नियंत्रण प्रशासन द्वारा उनकी प्रभावशीलता का सत्यापन नहीं कर लिया जाता। इसके अलावा गुणवत्ता जांच में फेल पाई गई किसी भी दवा का उत्पादन भी संबंधित उद्योग में सुधारात्मक उपायों के सत्यापन तक प्रतिबंधित रहेगा। स्टेट ड्रग कंट्रोलर डॉ. मनीष कपूर ने गुरुवार को बंगलुरु में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विनियमन पर आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान विभिन्न राज्यों के औषधि नियामक अधिकारियों एवं केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) के प्रतिनिधियों के समक्ष यह जानकारी साझा की। डा.कपूर ने सीडीएससीओ द्वारा जारी अक्तूबर माह के ड्रग अलर्ट का हवाला देते हुए बताया कि देशभर में गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरने वाले कुल 324 सैंपलों में से करीबन 80 हिमाचल प्रदेश के दवा निर्माण उद्योगों से संबंधित हैं।

इनमें से 16 सैंपलों में दवाओं के स्वरूप (डिस्क्रिप्शन), पीएच वैल्यू सहित अन्य मानकों से संबंधित मामूली प्रकृति की खामियां पाई गई हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि देश के घरेलू दवा बाजार में हिमाचल प्रदेश के व्यापक दवा उत्पादन और योगदान के अनुपात में प्रदेश का एनएसक्यू (नॉट ऑफ स्टैंडर्ड क्वालिटी) प्रतिशत करीब 0.6 फीसदी है, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर यह आंकड़ा 2.6 फीसदी है। स्टेट ड्रग कंट्रोलर ने कहा कि राज्य औषधि नियंत्रण प्रशासन प्रदेश में निर्मित दवाओं की गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने के लिए निरंतर निगरानी कर रहा है। गुणवत्ता संबंधी नियमों की अवहेलना करने वाले दवा निर्माताओं के खिलाफ सख्त नियामकीय कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। जिन उद्योगों अथवा उनके उत्पादन अनुभागों में निर्माण पर रोक लगाई गई है, वहां सुधारात्मक एवं निवारक कार्रवाई पूरी होने और औषधि नियंत्रण प्रशासन द्वारा उसके सत्यापन के बाद ही उत्पादन बहाल किया जा सकेगा। डा. कपूर ने बताया कि देशभर में औषधि नियामक निगरानी व्यवस्था के तहत दवा निरीक्षकों द्वारा हर माह बाजार से रैंडम आधार पर विभिन्न दवाओं के सैंपल एकत्रित किए जाते हैं।

इन सैंपलों की प्रयोगशालाओं में जांच करवाकर यह सुनिश्चित किया जाता है कि संबंधित दवाएं निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप हैं या नहीं। जांच के दौरान गुणवत्ता की कसौटी पर खरे नहीं उतरने वाले दवा बैचों का विस्तृत ब्यौरा केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन द्वारा समय.समय पर अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर सार्वजनिक किया जाता है। इस व्यवस्था का उद्देश्य आम जनता को दवाओं की गुणवत्ता के संबंध में जागरूक करना और जनस्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। राज्य औषधि नियंत्रण प्रशासन ने आम जनता, मरीजों, दवा विक्रेताओं, चिकित्सकों एवं अन्य स्वास्थ्य पेशेवरों से अपील की है कि वे सीडीएससीओ द्वारा जारी ड्रग अलर्ट नियमित तौर पर देखें और सुनिश्चित करें कि गुणवत्ता जांच में फेल घोषित किए गए बैच की दवाओं की बिक्री, वितरण अथवा सेवन न हो। स्टेट ड्रग कंट्रोलर डा. मनीष कपूर ने राष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान देशभर में नकली दवाओं के कारोबार तथा नारकोटिक ड्रग्स एवं साइकोट्रॉपिक पदार्थों से युक्त दवाओं की अवैध आपूर्ति और दुरुपयोग की बढ़ती चुनौतियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इन गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विभिन्न राज्यों के औषधि नियंत्रण प्रशासन और केंद्रीय नियामक एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बेहद जरूरी है। उन्होंने नियामकीय एजेंसियों के बीच सूचनाओं के त्वरित आदान.प्रदान और समन्वित कार्रवाई पर बल देते हुए कहा कि अंतरराज्यीय सहयोग से नकली दवाओं के कारोबार और नशीली दवाओं की अवैध आपूर्ति पर प्रभावी रोक लगाने में मदद मिलेगी।

सीडीएससीओ की वेबसाइट पर जांचें दवाओं का बैच नंबर
स्टेट ड्रग कंट्रोलर डा. मनीष कपूर ने आम जनता से अपील की है कि सीडीएससीओ की आधिकारिक वेबसाइट के ‘अलट्र्स’ सेक्शन में उपलब्ध गुणवत्ता जांच में फेल दवाओं का ब्यौरा नियमित तौर पर देखें। मरीज अपने पास उपलब्ध दवाओं के बैच नंबर का मिलान ड्रग अलर्ट में दर्ज बैच नंबर से करें। यदि संबंधित बैच गुणवत्ता जांच में फेल घोषित किया गया है तो उसका इस्तेमाल न करें और वैकल्पिक दवा के लिए चिकित्सक से संपर्क करें।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App