घाडज़रोट-बलदोआ-परगोड सडक़ की कोलतार उखडऩे से लोगों का फूटा गुस्सा
निजी संवाददाता- जवाली
लोक निर्माण विभाग जवाली के तहत घाडज़रोट-बलदोआ-परगोड़ मार्ग पर एफडीआर तकनीक से चल रहे निर्माणकार्य की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। इस मार्ग पर डाली जा रही कोलतार साथ ही कई जगहों से उखडऩी शुरू हो गई है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी रोष है। लोगों का आरोप है कि संबंधित ठेकेदार द्वारा निर्माण कार्य में निर्धारित नियमों और गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की जा रही है। डाली जा रही कोलतार हाथों से ही उखड़ जा रही है। ऐसा लग रहा है कि इसमें कोलतार डाली ही नहीं गई है। मात्र लीपापोती ही की जा रही है। लोगों ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खूए लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह तथा कृषि मंत्री चौधरी चंद्र कुमार से मांग की है कि इन मार्गों पर डाली जा रही कोलतार की गुणवत्ता की जांच करके ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई अमल में लाई जाए। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता विजय कुमार ने बताया कि जहां-जहां कोलतार उखड़ी है, उन स्थानों पर ठेकेदार से दोबारा कोलतार डलवाई जाएगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
