Punjab News : हाई कोर्ट ने रोका पीसीएस परीक्षा का परिणाम, जानिए कारण

By: Nov 20th, 2026 12:08 am

पंजाब पब्लिक सर्विस कमीशन को नोटिस; साक्षात्कार स्थगित, भर्ती का रिकॉर्ड तलब

निजी संवाददाता — फिरोजपुर

पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने भर्ती में अनियमितताओं का आरोप लगाने वाली याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए गुरुवार को पंजाब सिविल सेवा परीक्षा (पीपीएससी) की मुख्य परीक्षा के परिणाम पर 16 दिसंबर तक रोक लगा दी है और साक्षात्कार की प्रक्रिया को स्थगित कर दिया है। याचिकाकर्ता शेफाली शर्मा ने गुरुवार की सुनवाई के बाद बताया कि न्यायालय ने पीपीएससी परीक्षा के माध्यम से भर्ती से संबंधित रिकॉड्स भी तलब किए हैं। उल्लेखनीय है कि आयोग ने गत चार नवंबर को घोषित परिणामों में 331 विज्ञापित रिक्तियों के विरुद्ध साक्षात्कार के लिए 751 उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया था। याचिकाकर्ताओं ने चयन पैटर्न में असामान्यताओं सहित एक ही परीक्षा हॉल से 10 या 11 उम्मीदवारों के चयन होने पर भी सवाल उठाए हैं। अन्य आपत्तियों में एकाधिक रोल नंबर, पंजाबी भाषा की पात्रता आवश्यकताओं में बदलाव, दस्तावेज सत्यापन और परीक्षा सुरक्षा से जुड़े मुद्दे शामिल हैं।

गुरुवार की सुनवाई के दौरान पीपीएससी की ओर से अधिवक्ता आत्मा राम और याचिकाकर्ताओं की ओर से अधिवक्ता कुणाल मुलवानी पेश हुए। उम्मीदवारों ने केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने, सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने तथा चयनित उम्मीदवारों के अंकों और परीक्षकों की योग्यताओं का खुलासा करने की मांग की है। दूसरी ओर, पीपीएससी ने किसी भी तरह की हेराफेरी के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। आयोग के अध्यक्ष मेजर जनरल विनायक सैनी (सेवानिवृत्त) ने कहा कि विभिन्न परीक्षा हॉलों में सफल उम्मीदवारों की असंतुलित संख्या सांख्यिकीय रूप से सामान्य है।

आयोग ने आरोपों को बताया निराधार

आयोग ने स्पष्ट किया कि पटियाला के 12 परीक्षा केंद्रों पर 3,959 उम्मीदवार उपस्थित हुए थे और एक ही केंद्र से लगभग एक-चौथाई सफल उम्मीदवारों के आने के आरोप निराधार हैं, क्योंकि किसी एक केंद्र से अधिकतम 106 (कुल चयनित उम्मीदवारों का 14.1 प्रतिशत) उम्मीदवार ही सफल हुए हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App