दुकानों में छापा, 40 किलो मिठाई फिंकवाई

By: Nov 6th, 2026 12:54 am

पट्टा, भोरंज, बस्सी और टारक्वाड़ी में 20 दुकानों का निरीक्षण, 10 सैंपल जांच के लिए भेजे

स्टाफ रिपोर्टर – हमीरपुर
त्योहारों के सीजन में लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग हमीरपुर ने निरीक्षण अभियान तेज कर दिया है। गुरुवार को सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा हमीरपुर मनजीत सिंह के नेतृत्व में विभागीय टीम ने पट्टा, भोरंज, बस्सी और टारक्वाड़ी क्षेत्रों में करीब 20 मिठाई, किराना और फास्ट फूड की दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 10 सैंपल एकत्रित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। इनमें बर्फी, मिल्क केक, कलाकंद, बेसन, बेसन के लड्डू, तिरंगा लड्डू, म_ी, रसगुल्ला और गुलाब जामुन के नमूने शामिल हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप आगामी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान करीब 40 किलोग्राम खराब एवं बासी खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट करवाया गया। इसमें छेना चमचम, घेवर, नारियल के लड्डू और बेसन शामिल थे। विभागीय टीम ने दुकानदारों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए।

कसेगा शिकंजा
खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. अभिषेक ठाकुर ने खाद्य कारोबारियों को मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों में गैर-खाद्य श्रेणी के रंगों का इस्तेमाल न करने की हिदायत दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों में केवल निर्धारित मानकों के अनुरूप फूड ग्रेड रंगों का ही उपयोग किया जाए।
अभियान लगातार जारी
मिठाइयों में फुलाने वाले और स्पष्टीकरण के लिए इस्तेमाल होने वाले पदार्थों के संबंध में भी निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए। सहायक आयुक्त मनजीत सिंह ने कहा कि त्योहारों के सीजन के अंत तक विभाग का छापेमारी और सैंपलिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App