सैलानियों की बढ़ती भीड़… बीड़ पुलिस थाने में पुलिस बल की कमी बनी चुनौती

By: Nov 6th, 2026 12:50 am

विश्व प्रसिद्ध बीड़-बिलिंग में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की उठी मांग

कार्यालय संवाददाता- बैजनाथ
विश्व विख्यात पैराग्लाइडिंग घाटी बीड़-बिलिंग में हर साल बढ़ते पर्यटकों के आगमन के साथ यातायात व्यवस्था और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। पर्यटन सीजन के दौरान प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में पर्यटकों और उनके वाहनों की आवाजाही रहती है। ऐसे में बीड़ पुलिस थाना में सीमित पुलिस कर्मचारियों की तैनाती के चलते व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखना कठिन होता जा रहा है। पर्यटन गतिविधियों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के बावजूद पुलिस थाने में पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध न होना क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर रहा है। बीड़-बिलिंग में पर्यटन सीजन के दौरान देश.विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। विशेषकर बिलिंग में पैराग्लाइडिंग और टेंडम उड़ानों का आनंद लेने वाले पर्यटकों की भारी भीड़ रहती है। सुबह से शाम तक पर्यटकों और टैक्सी सहित अन्य निजी वाहनों की आवाजाही लगी रहती है। कई बार सडक़ों पर वाहनों की लंबी कतारें लगने से भारी जाम की स्थिति पैदा हो जाती है।

ऐसे समय में यातायात को नियंत्रित करने, पर्यटकों को सुरक्षित आवागमन उपलब्ध करवाने और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की आवश्यकता महसूस होती है। दूसरी ओर पुलिस के सामने केवल यातायात व्यवस्था संभालने की ही चुनौती नहीं हैए बल्कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। पर्यटकों की बढ़ती संख्या के साथ असामाजिक गतिविधियों पर नजर रखना, स्थानीय लोगों की शिकायतों पर कार्रवाई करना तथा पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा सुनिश्चित करना भी पुलिस की जिम्मेदारी है। सीमित कर्मचारियों के कारण पुलिस को एक साथ सभी व्यवस्थाओं पर ध्यान देना मुश्किल हो जाता है। बीड़ पुलिस थाना का कार्यक्षेत्र भी काफी विस्तृत है, जो बीड़-बिलिंग से लेकर छोटा भंगाल घाटी तक फैला हुआ है। इस थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस चौकी मुल्थान भी आती है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App