पांवटा में अवैध पटाखा बिक्री पर हो सख्त कार्रवाई
लाइसेंसधारकों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, मुख्य बाजार से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक खुले में पटाखा बिक्री पर जताई चिंता
कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
दीपावली के त्यौहार के नजदीक आते ही पांवटा साहिब में पटाखों की अवैध बिक्री का मामला गरमा गया है। वैध पटाखा लाइसेंस धारकों ने बुधवार को एसडीएम द्विज गोयल को ज्ञापन सौंपकर अवैध तरीके से हो रही पटाखा बिक्री पर तुरंत रोक लगाने की मांग की है। ज्ञापन में लाइसेंस धारकों ने बताया कि उन्होंने प्रशासन से नियमानुसार दीपावली पर पटाखे बेचने का वैध लाइसेंस प्राप्त किया हुआ है। प्रशासन द्वारा सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए उन्हें पटाखे बेचने के लिए दो स्थान निर्धारित किए गए हैं आरोप है कि कुछ लाइसेंस धारक निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर दुकानें लगाने की बजाय पांवटा साहिब के मुख्य बाजार, गुरुद्वारा मार्केट, रामपुरघाट रोड, बद्रीपुर रोड और आसपास के ग्रामीण इलाकों में अपनी निजी दुकानों के बाहर और सडक़ किनारे खुले में पटाखे बेच रहे हैं।
लाइसेंस धारकों का कहना है कि बाजार की तंग गलियों और भीड़-भाड़ वाले क्षेत्र में पटाखे बेचने से आगजनी और बड़े हादसे का अंदेशा बना रहता है, क्योंकि वहां अग्नि शमन के पर्याप्त प्रबंध नहीं हैं। विफोटक अधिनियम के तहत निर्धारित सुरक्षित स्थान के अलावा पटाखे बेचना कानूनन गलत है, जिन्होंने मेहनत और खर्च करके वैध लाइसेंस लिया है और निर्धारित जगह पर दुकान लगाई है, उन्हें इस अवैध बिक्री से भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। वैध लाइसेंस धारकों ने एसडीएम से मांग की है कि प्रशासन तुरंत टीम गठित कर मुख्य बाजार, रामपुरघाट रोड, बद्रीपुर रोड सहित सभी जगहों पर हो रही अवैध पटाखा बिक्री की जांच करे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उनके लाइसेंस रद्द किए जाएं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके और दीपावली का त्यौहार शांतिपूर्ण व सुरक्षित ढंग से मनाया जा सके।
एसडीएम के बोल
उधर, एसडीएम पांवटा द्विज गोयल ने बताया कि पांवटा एमाजरा व पुरुवाला थाने प्रभारियों को आदेश जारी कर दिए गए है कि अगर किसी भी व्यपारी गली महौल्ले व अन्य जगहों पर अवैध पठाखे लगता हुआ मिले तो उसके खिलाफ कार्यवाई कर पठाखों को जब्त किया जाए।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
