एनएसएस शिविर में विद्यार्थियों ने सीखे सेवा के गुर

By: Nov 6th, 2026 12:54 am

धुलारा स्कूल में एनएसएस शिविर का समापन, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
कार्यालय संवाददाता-सिहुंता
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धुलारा में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन हो गया। समापन समारोह में धुलारा पंचायत के प्रधान एवं सेवानिवृत्त तहसीलदार महेंद्र सिंह ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान विद्यालय प्रबंधन समिति के प्रधान विजेंद्र सिंह सहित समिति के अन्य सदस्य भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। समारोह का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत और पारंपरिक कार्यक्रमों के साथ किया गया। मुख्यातिथि महेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में स्वयंसेवियों की ओर से सात दिनों तक किए गए सामाजिक एवं रचनात्मक कार्यों की सराहना की।

उन्होंने विद्यार्थियों को समाज सेवा, अनुशासन, मेहनत और नैतिक मूल्यों को अपनाने के साथ राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों में सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने का सशक्त माध्यम है। प्रधानाचार्य राजकुमारी ने शिविर के सफल आयोजन और सक्रिय सहभागिता के लिए सभी स्वयंसेवियों को बधाई दी। सात दिवसीय शिविर का आयोजन कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार एवं वंदना महाजन के मार्गदर्शन में किया गया। शिविर के दौरान स्वयंसेवियों ने सामाजिक जागरूकता, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App