ढोल-नगाड़ों की थाप पर गूंजा तपोवन, लोगों ने किया CM का अभिनंदन, पारंपरिक परिधानों में पहुंचीं महिलाएं
स्टाफ रिपोर्टर — तपोवन/धर्मशाला
धर्मशाला तपोवन विधानसभा परिसर में गुरुवार देर शाम उस समय रौनक बढ़ गई, जब बैजनाथ सहित छोटा भंगाल से पहुंचे सैकड़ों लोगों ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया। सीएम ने सभी लोगों से मुलाकात की व उनका अभिवादन स्वीकार किया। मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए दुर्गम क्षेत्र छोटा भंगाल सहित बैजनाथ के विभिन्न क्षेत्रों से लोग पहुंचे। इस दौरान महिलाओं ने भी उत्साह के साथ भाग लिया। कई महिलाएं और युवा पारंपरिक हिमाचली परिधानों में पहुंचे, जिससे स्वागत समारोह में पहाड़ी संस्कृति की झलक देखने को मिली। युवा कांग्रेस व एनएसयूआई के युवा कार्यकर्ताओं ने भी खूब जोश बढ़ाए रखा। ढोल-नगाड़ों की थाप और पारंपरिक वाद्य यंत्रों के बीच मुख्यमंत्री सुक्खू ने लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और सभी से मुलाकात की।
इस मौके पर बैजनाथ के विधायक किशोरी लाल भी मौजूद रहे। उन्होंने पारंपरिक नाटी डालकर समारोह में उत्साह बढ़ाया। देर शाम तक तपोवन में स्वागत का सिलसिला जारी रहा, और बैजनाथ से पहुंचे लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस दौरान उत्साहित लोगों ने बैजनाथ में हुए विकास कार्यों को लेकर फूल-मालाओं व पुष्पगुच्छ भेंट करके सम्मानित किया। साथ ही ढोल-नगाड़ों की थाप पर भी खूब हिमाचली नाटी डाली। इसके अलावा धर्मशाला के तपोवन विधानसभा परिसर में गुरूवार को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू का दिनभर लोगों और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधिमंडलों से मिलने का सिलसिला जारी रहा। मुख्यमंत्री से मिलने के लिए दर्जनों संघों, संगठनों और आम लोगों के प्रतिनिधिमंडल पहुंचे।
स्कूल में सभी शिक्षक उपलब्ध हैं या नहीं
धर्मशाला। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गुरुवार को तपोवन विधानसभा परिसर में पहुंचे बच्चों से मुलाकात की और उनसे बातचीत कर शिक्षा व्यवस्था से जुड़े सवाल पूछे। मुख्यमंत्री ने बच्चों से पूछा कि उनके स्कूलों में सभी विषयों के शिक्षक उपलब्ध हैं या नहीं। सीएम सुक्खू ने साइंस विषयों के शिक्षकों के बारे में भी पूछा। साथ ही उन्होंने बच्चों को विधानसभा सदन की कार्यवाही के बारे में भी जानकारी दी, और उन्हें सदन की कार्यवाही दिखाई।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
