दिवाली पर मुख्यमंत्री श्रमिकों को देंगे 6.10 करोड़ रुपए

By: Nov 6th, 2026 12:52 am

हमीरपुर के 148 श्रमिकों को मिलेंगे 64.94 लाख रुपए, मुख्यमंत्री सुक्खू आज श्रमिकों के खातों में राशि भेजेंगे

दिव्य हिमाचल ब्यूरो – हमीरपुर
दीपावली के पावन अवसर पर हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड प्रदेश के 1444 पंजीकृत श्रमिक परिवारों को 6.10 करोड़ रुपए से अधिक की सहायता राशि प्रदान करने जा रहा है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू छह नवंबर को बोर्ड की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत यह राशि श्रमिकों के बैंक खातों में हस्तांतरित करेंगे। बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर ने बताया कि दीपावली के अवसर पर मिलने वाली यह आर्थिक सहायता श्रमिक परिवारों के लिए विशेष उपहार साबित होगी। उन्होंने बताया कि बोर्ड द्वारा प्रदान की जाने वाली इस आर्थिक सहायता में विवाह सहायता योजना के तहत 1.70 करोड़ रुपए, शिक्षा सहायता योजना के 3.14 करोड़ तथा चिकित्सा सहायता योजना के तहत 54,610 रुपये की राशि शामिल है। इसके अतिरिक्त मृत्यु एवं अंतिम संस्कार सहायता योजना के अंतर्गत 32.80 लाख रुपए तथा मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 86.58 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। अन्य कल्याणकारी योजनाओं के तहत भी 5.10 लाख रुपए वितरित किए जाएंगें। जिलावार लाभार्थियों की बात करें, तो हमीरपुर जिले के 148 लाभार्थियों को 64.94 लाख रुपए, चंबा के 50 लाभार्थियों को 14.12 लाख रुपए, सिरमौर के 29 लाभार्थियों को 15.38 लाख रुपए की राशि प्रदान की जाएगी। इसी प्रकार मंडी जिले के 440 लाभार्थियों को 1.61 करोड़ रुपए तथा किन्नौर जिले के 168 लाभार्थियों को 64.92 लाख रुपए की आर्थिक सहायता मिलेगी।

63 लाभार्थियों को 31 लाख
कांगड़ा जिले के 63 लाभार्थियों को 31 लाख रुपए, शिमला के 183 लाभार्थियों को 72.97 लाख रुपए तथा बिलासपुर जिले के 173 लाभार्थियों को 65.53 लाख रुपए वितरित किए जाएंगे।

142 को 1.05 करोड़
ऊना जिले के 142 लाभार्थियों को 1.05 करोड़ रुपए, सोलन के 10 लाभार्थियों को 5.95 लाख रुपए तथा कुल्लू जिले के 38 लाभार्थियों को 9.45 लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। नरदेव सिंह कंवर ने बताया कि बोर्ड प्रदेश के श्रमिकों और उनके परिवारों के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App