विद्युत बोर्ड जल्द करे बकाया एरियर का भुगतान

By: Nov 5th, 2026 12:54 am

कोर्ट के निर्णय के अनुसार राज्य विद्युत परिषद पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन सोलन ने की मांग
स्टाफ रिपोर्टर-सोलन
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत परिषद पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने माननीय उच्च न्यायालय के उस फैसले का स्वागत किया है, जिसमें पेंशनरों के बकाया एरियर को 6 प्रतिशत ब्याज के साथ दो किस्तों में दिए जाने का निर्णय सुनाया गया है। गुरुवार को सोलन में आयोजित बैठक में एसोसिएशन के सभी सदस्यों ने खुशी जाहिर करते हुए प्रदेश विद्युत बोर्ड प्रबंधन से इस फैसले के अनुरूप एरियर का भुगतान जल्द से जल्द करने की मांग की है। बैठक की अध्यक्षता ई. भगवान सहाय ने की और बैठक का संचालन महासचिव विद्यासागर शर्मा ने किया। प्रेस सचिव लक्ष्मी रमण शर्मा ने बताया कि राज्य कार्यकारिणी के महासचिव पीएल गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि पेंशनरों द्वारा करीब 2 वर्ष पूर्व प्रदेश के माननीय उच्च-न्यायालय में छठे वेतनमान के बकाया एरियर की अदायगी को लेकर याचिका दायर की थी, जिसका हाल ही में निर्णय पेंशनरों के हक में आया है।

इस ऐतिहासिक निर्णय का विद्युत पेंशनरों ने स्वागत किया और विद्युत बोर्ड प्रबंधन से आग्रह किया कि प्रबंधन निर्णय की माननीय प्रदेश उच्च-न्यायालय से प्रतिलिपि लेकर पेंशनरों के एरियर का ब्याज सहित शीघ्र भुगतान करे। बैठक को ई. दिनेश गुप्ता ने भी संबोधित किया और पेंशनरों के डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र बनाने की प्रक्रिया को सुगमता से बनाने के बारे में समझाया। बैठक में आए पेंशनरों के जिन्होंने अभी तक जीवन प्रमाण-पत्र नहीं बनाए थे बनाकर विद्युत-प्रबंधन को भेजे। कुल्लू में प्रदेश कार्यकारिणी की प्रस्तावित बैठक जो 17 नवंबर को होनी है उसमे सोलन से 18 पदाधिकारी व सदस्य भाग लेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App