पारस स्कूल में बच्चों की मुस्कान ने मोहा मन
बाल मेले में चाट-पापड़ी, पानीपूरी और लजीज पकवानों का बच्चों ने लिया आनंद
दिव्य हिमाचल ब्यूरो- पालमपुर
पारस पब्लिक स्कूल भवारना में बाल दिवस के उपलक्ष्य में हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर बच्चों की मुस्कान, उमंग और रचनात्मकता से सराबोर नजर आया। विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढक़र भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा और कलात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया। विद्यालय के निदेशक महेश चंद्र कटोच, प्रधानाचार्या नीलम राणा और दिशांत कटोच ने कार्यक्रम में विशेष रूप से भाग लिया। इस उपलक्ष्य में बाल मेले का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट पकवान चाट पापड़ी, पानीपुरी, ब्रेड पकोड़ा, लस्सी, फ्रूट चार्ट, चना-चाट, कोल्ड कॉफी, स्प्राउट्स, सीरा, बनाना शेक, जलजीरा से सुसज्जित स्टॉल लगाए।
कक्षा नर्सरी से बारहवीं तक के बच्चों ने स्टॉल में जाकर अपनी पसंद के पकवानों का लुत्फ उठाया। इसके बाद विद्यालय के प्रांगण में सभी बच्चों को एकत्रित किया गया और रंगारंग कार्यक्रम पेश किए गए। अध्यापिका रेणु शर्मा ने अपने भाषण के माध्यम से पंडित जवाहरलाल नेहरू के जीवन पर प्रकाश डाला और बाल दिवस का महत्व बताया। अध्यापिका अंशुए रितु, कंचन, निशा व सरिता ने सामूहिक नृत्य पेश किया। अध्यापिका किरण और रेहाना ने एकल गान प्रस्तुत किया। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। संगीत की मधुर धुनों पर बच्चों के आकर्षक नृत्य ने सभी लोगों का मन मोह लिया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
