घाटी-लोधिया के ग्रामीण बस सुविधा को तरसे

By: Nov 6th, 2026 12:52 am

10 पंचायतों के हजारों लोगों की बढ़ी परेशानी; दिवाली पर भी नहीं मिली सुविधा; चक्का जाम की चेतावनी
निजी संवाददाता-हरिपुरधार
जिला सिरमौर के नाहन से घाटी-लोधिया जाने वाली एचआरटीसी बस पिछले काफी दिनों से अपने निर्धारित रूट पर नहीं चल रही है, जिससे संगड़ाह उपमंडल की करीब दस पंचायतों के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यह बस क्षेत्र के लोगों के लिए लाइफलाइन मानी जाती है, लेकिन लंबे समय से बस सेवा बाधित होने के कारण ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि दिवाली जैसे बड़े त्योहार के दौरान भी बस सेवा बंद रहने से लोगों को आवाजाही में काफीी दिक्कतें हुई हैं। ग्रामीणों के अनुसार इस रूट पर बस का नियमित संचालन नहीं हो रहा है। कभी बस ददाहू से ही वापस लौट जाती है तो कभी संगड़ाह से वापस भेज दी जाती है। कई बार बस सुंदरघाट में ही खड़ी रह जाती है, जिससे आगे के क्षेत्रों के यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ती है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि विभाग इस रूट पर नियमित बस सेवा उपलब्ध नहीं करवा सकता तो फिर इस रूट को बंद ही कर दिया जाए, ताकि लोगों को रोजाना बस आने की उम्मीद में परेशान न होना पड़े।लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही घाटी-लोधिया बस सेवा को निर्धारित समय पर नियमित रूप से शुरू नहीं किया गया तो वे सडक़ बंद कर चक्का जाम करने के लिए मजबूर होंगे। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि ऐसी स्थिति में इसकी पूरी जिम्मेदारी एचआरटीसी विभाग की होगी।

अधिकारियों के बोल
इस संबंध में जब ददाहू बस अड्डा प्रभारी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि एचआरटीसी के पास बसों की कमी होने के कारण कई रूट प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि विभाग के पास पर्याप्त बसें उपलब्ध होतीं तो इस रूट पर बस जरूर भेजी जाती। उन्होंने यह भी बताया कि वर्तमान में उपलब्ध बसों में बैटरी चालित बसें भी हैं, जो पहाड़ी मार्ग होने के कारण इस रूट पर नहीं भेजी जा सकतीं। उधर इस बारे में डीडीएम नाहन रामदयाल ने बताया कि उपलब्ध बसों को रूट पर भेजने का प्रयास किया जा रहा हैए लेकिन बसों की कमी के चलते विभाग को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App