‘दो चुनने वाले दो और तीन वाले तीन भाषाएं ही पढ़ेंगे’, CBSE की पॉलिसी पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा आदेश

By: Nov 26th, 2026 10:52 pm

स्कूल की मनमानी नहीं चलेगी

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली

सीबीएसई की तीन भाषा नीति को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने अहम फैसला सुनाया है। अब स्कूल स्टूडेंट्स को बीच सत्र में अपनी चुनी हुई भाषा बदलने के लिए मजबूर नहीं कर सकेंगे। सीबीएसई की थ्री लैंग्वेज पॉलिसी को लेकर चल रही असमंजस की स्थिति के बीच सुप्रीम कोर्ट ने कक्षा छह से नौ तक के छात्रों को बड़ी राहत दी है। मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने साफ किया है कि जिन छात्रों ने पहले से तीन भाषा का ऑप्शन चुन लिया, वे अपनी मौजूदा पसंद के साथ ही पढ़ाई जारी रख सकते हैं और उन्हें पूर्व के अंतिम आदेशों के तहत दी गई छूट के कारण वापस दो भाषाओं पर लौटने की जरूरत नहीं है।

साथ ही अदालत ने यह भी साफ किया है कि जो छात्र वर्तमान में दो भाषा पढ़ रहे हैं, उन्हें इस शैक्षणिक सत्र में दो भाषाओं के साथ ही पढ़ाई जारी रखने की अनुमति होगी। हालांकि इसके लिए शर्त यह होगी कि अगले वर्ष वे तीसरी भाषा का विकल्प चुनें। पीठ ने जोर देकर कहा की नीति लागू करने के नाम पर किसी भी छात्र पर बीच सत्र में भाषा बदलने का दबाव नहीं डाला जाएगा और तीसरी भाषा का मूल्यांकन स्कूल स्तर पर ही होगा। सुप्रीम कोर्ट की पीठ ने तीन भाषाओं को लेकर लगातार बने रहे असमंजस के बीच कुछ बिंदुओं को साफ किया है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि जिन छात्रों ने पहले से तीन भाषा चुनी है वे तीनों भाषा पढ़ते रहेंगे। वहीं दो भाषा पढऩे वाले छात्र इस सत्र में दो भाषाओं के साथ पढ़ाई जारी रख सकेंगे। कक्षा छह, सात, आठ और नौ के छात्रों को चल रहे शैक्षणिक सत्र के बीच में भाषा बदलने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता। तीसरी भाषा का मूल्यांकन बोर्ड परीक्षा के बजाय केवल स्कूल स्तर पर आंतरिक रूप से किया जाएगा और इसके अंक बोर्ड के अंतिम रिजल्ट को प्रभावित नहीं करेंगे। कक्षा छह से नौ तक के छात्रों के लिए तीसरी भाषा की अनिवार्य बोर्ड परीक्षा से मिली छूट जारी रहेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App