ऊना में जाम…लगी गाडिय़ों की कतारें
शहर से निकलना हो गया मुश्किल, रेंगते नजर आए वाहन, पुलिस ने तैनात किए 51 जवान
नगर संवाददाता-ऊना
ऊना शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या विकराल रुप धारण कर रही है। गुरुवार को पूरा दिन ऊना शहर में धर्मशाला-चंडीगढ़ मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रही। वाहनों चालकों के लिए ऊना शहर से क्रॉस करना चुनौती बना हुआ था। सडक़ पर वाहन कछुआ चाल चल रहे थे। वाहन चालकों को शहर से करीब तीन किलोमीटर सफर करने के लिए भी आधे से एक घंटा लग रहा था। आईएसबीटी ऊना के बाहर तो वाहन चालकों को निकलना दुश्वार बना हुआ था। आईएसबीटी के मुख्य द्वार पर बसों की आवाजाही निरंतर जारी रहने से हाईवे से निकलना वाहन चालकों के लिए किसी मुसीबत से कम नहीं था। बस अडडा में एक ही रास्ते से बसें अंदर तो उसी से बाहर आने के चलते जाम की समस्या विकराल रुप धारण कर रही है। इसके अलावा पुराना बस अडडा, रोटरी चौक पर ट्रैफिक पुलिस कर्मचारी व्यवस्थाओं को बनाने में जुटे रहे।
बाइपास बनाने की मांग
ऊना शहर में त्यौहारी सीजन में अकसर महाजाम की स्थिति देखने को मिलती है। ऊना हिमाचल प्रदेश का प्रवेश द्वार है। ऐसे में पंजाब, चंडीगढ़ व दिल्ली आदि क्षेत्रों में जाने व आने वाले लोग ऊना शहर से होकर निकलते है। ट्रैफिक समस्या को देखते हुए ऊना शहर में फ्लाई ओवर या बाईपास की कमी खल रही है।
बढ़ाई गश्त
जिला पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। त्योहार के दौरान कानून एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला में 51 अतिरिक्त पुलिस जवानों की तैनाती की जा रही है। पुलिस थाना सदर ऊना, मैहतपुर और पुलिस चौकी संतोषगढ़ के क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
